अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा नें 2027 की तैयारियां को धार देना प्रारम्भ किया

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

गाजीपुर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच गाजीपुर में पार्टी के संगठन विस्तार अभियान को नई गति मिलने का दावा किया गया।

समाजवादी महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा राजभर के जनपद आगमन पर उनका पारंपरिक सोहर गीतों के साथ स्वागत किया गया। सदर विधानसभा क्षेत्र की बेलसड़ी ग्रामसभा में आयोजित सदस्यता अभियान के दौरान भाजपा छोड़कर राजभर, बिंद, निषाद, गोंड़ सहित विभिन्न समाज की सैकड़ों महिलाओं ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

सीमा राजभर समाजवादी सद्भाव साइकिल यात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर यात्रा को हरी झंडी दिखाने गाजीपुर पहुंची थीं। हालांकि प्रशासन द्वारा अनुमति नहीं दिए जाने के कारण प्रस्तावित साइकिल यात्रा नहीं निकल सकी।

बताया गया कि इस यात्रा की तैयारियां पिछले लगभग दो माह से समाजवादी महिला सभा की प्रदेश सचिव पुनीता सिंह खुशबू के नेतृत्व में चल रही थीं। यात्रा पर रोक लगाए जाने के बाद कुछ समय के लिए कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई।
यात्रा स्थगित होने के बावजूद समाजवादी पार्टी ने सदस्यता अभियान जारी रखा। बेलसड़ी ग्रामसभा में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण करते हुए अखिलेश यादव के नेतृत्व में विश्वास जताया। कार्यक्रम में शामिल महिलाओं ने गांव-गांव तक समाजवादी विचारधारा और पार्टी की नीतियों को पहुंचाने का संकल्प भी लिया।

प्रदेश सचिव पुनीता सिंह खुशबू ने कहा कि साइकिल यात्रा प्रशासनिक कारणों से नहीं निकल सकी, लेकिन संगठन विस्तार का उद्देश्य पूरा हुआ। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी लगातार गांव-गांव अपनी पकड़ मजबूत कर रही है और महिलाओं का बढ़ता समर्थन प्रदेश में राजनीतिक बदलाव का संकेत है।

समाजवादी महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा राजभर ने कहा कि साइकिल यात्रा का उद्देश्य केवल यात्रा निकालना नहीं, बल्कि गांव-गांव तक समाजवादी पार्टी की विचारधारा और पीडीए के संदेश को पहुंचाना था। उन्होंने कहा कि बेलसड़ी में बड़ी संख्या में महिलाओं का पार्टी से जुड़ना इस अभियान की सफलता का प्रमाण है। उनके अनुसार राजभर, बिंद, निषाद, गोंड़ सहित पिछड़े, दलित और वंचित समाज के लोग तेजी से समाजवादी पार्टी के साथ जुड़ रहे हैं।

सीमा राजभर ने विश्वास जताया कि पीडीए की एकजुटता लगातार मजबूत हो रही है और यही जनसमर्थन वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के लिए मजबूत आधार बनेगा।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने समाजवादी पार्टी के समर्थन में नारे लगाए और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *