यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
लखनऊ, 25 जुलाई। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी, लखनऊ महानगर द्वारा “समरसता संकल्प अभियान” के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन हजरतगंज स्थित हलवासिया कोर्ट में किया गया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नीरज सिंह एवं भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने अध्यक्षता की। कार्यशाला में अभियान की रूपरेखा, आगामी कार्यक्रमों तथा सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नीरज सिंह ने कहा कि संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज का जीवन सामाजिक समरसता, समानता, सेवा और मानवता का प्रेरणास्रोत है। उनके विचार आज भी समाज को जाति, वर्ग और भेदभाव से ऊपर उठकर एकता और सद्भाव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। भारतीय जनता पार्टी उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रही है। समरसता संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ते हुए सामाजिक समरसता को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा।
भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की शुरुआत 29 जुलाई से 20 फरवरी तक चलेगा, कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि पार्टी द्वारा अभियान के अंतर्गत दीप उत्सव, संत सम्मेलन, कलश वंदन, समाज संपर्क, समरसता यात्रा एवं विभिन्न जनजागरण कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य संत रविदास जी के विचारों एवं सामाजिक समरसता के संदेश को समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुँचाना है। सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और उत्साह के साथ अभियान को सफल बनाने में जुटें तथा अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करें।
कार्यशाला में अभियान की कार्ययोजना, संगठनात्मक जिम्मेदारियों एवं आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संत रविदास जी के जीवन-दर्शन को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने तथा सामाजिक समरसता को मजबूत बनाने का बल दिया।
इस अवसर पर महामंत्री घनश्याम दास अग्रवाल, टिंकू सोनकर, उपाध्यक्ष रजनीश गुप्ता, अंजनी श्रीवास्तव, सुधीर हलवासिया सहित भाजपा लखनऊ महानगर के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।