कारगिल विजय दिवस पर अमर बलिदानियों को भावभीनी श्रद्धांजलि, शहीद परिवारों एवं वीर नारियों का हुआ सम्मान

Spread the love

प्रदेश जनहित खबर उत्तर प्रदेश

– कारगिल शहीद स्मृति वाटिका में आयोजित समारोह में उपमुख्यमंत्री श्री बृजेश पाठक एवं मंत्री श्री ए.के. शर्मा हुए शामिल

लखनऊ: 27वें कारगिल विजय दिवस के अवसर पर नगर निगम लखनऊ द्वारा कारगिल शहीद स्मृति वाटिका में कारगिल युद्ध के अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करने एवं शहीद परिवारों, वीर माताओं तथा वीर नारियों के सम्मान में एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने की। इस अवसर पर माननीय उपमुख्यमंत्री आदरणीय श्री बृजेश पाठक जी मुख्य अतिथि तथा माननीय मंत्री नगर विकास, ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत आदरणीय श्री ए.के. शर्मा जी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में माननीय विधायक डॉ. नीरज बोरा जी, माननीय सदस्य विधान परिषद श्री रामचन्द्र प्रधान जी, श्री पवन सिंह चौहान जी, श्री संतोष सिंह जी, पूर्व सदस्य विधान परिषद श्री अरविंद त्रिपाठी ‘गुड्डू’ जी, उपनेता पार्षद दल एवं उपाध्यक्ष कार्यकारिणी श्री सुशील तिवारी ‘पम्मी’ जी, उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड के सभापति डॉ. विवेक सिंह तोमर जी, माननीय कार्यकारिणी सदस्य श्री अरुण राय जी, श्री संदीप शर्मा जी, श्री संजय सिंह राठौर जी, श्री विनोद यादव जी, श्री राजीव वाजपेयी जी, नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार जी, समस्त पार्षदगण, पूर्व सैनिकों, वीर माताओं, वीर नारियों एवं शहीद परिवारों ने सहभागिता करते हुए भारत माता के अमर वीर सपूतों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

*अमर शहीदों को पुष्पांजलि, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंजा परिसर*
कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय अतिथियों द्वारा कारगिल के अमर शहीदों की प्रतिमाओं पर पुष्पचक्र एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात सभी अतिथियों ने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य और राष्ट्रभक्ति को नमन किया।

कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। म्युनिसिपल गर्ल्स इंटर कॉलेज, कश्मीरी मोहल्ला द्वारा “वन्दे मातरम्”, मॉडर्न मॉन्टेसरी स्कूल, मॉडल हाउस द्वारा “ऐ मेरे वतन के लोगों”, मॉडर्न मॉन्टेसरी स्कूल, कश्मीरी मोहल्ला द्वारा “सौगंध मुझे इस मिट्टी की” तथा अमीनाबाद इंटर कॉलेज द्वारा “चट्टानों से लड़ो, आगे बढ़ो” की प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रभक्ति के भाव से अभिभूत कर दिया।

*महापौर ने शहीदों के त्याग को बताया राष्ट्र का गौरव*
अपने स्वागत उद्बोधन में माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल एक सैन्य विजय का उत्सव नहीं, बल्कि राष्ट्र की अस्मिता, वीरता और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कारगिल के अमर शहीदों का त्याग सदैव देशवासियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने शहीद परिवारों, वीर माताओं एवं वीर नारियों का स्वागत करते हुए कहा कि उनका सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। इस अवसर पर शहीद परिवारों, वीर माताओं एवं वीर नारियों का अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। उपस्थित सभी अतिथियों एवं नागरिकों ने खड़े होकर अमर शहीदों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की। मा० महापौर जी ने कहा कि आज भारत अपनी सैन्य शक्ति को निरंतर सुदृढ़ कर रहा है। उन्होंने कहा कि माननीय रक्षा मंत्री आदरणीय श्री राजनाथ सिंह जी के प्रयासों से आज ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण लखनऊ में हो रहा है, जो उत्तर प्रदेश और पूरे देश के लिए गौरव का विषय है।

*परमवीर चक्र विजेता सहित शहीदों के परिजनों का हुआ सम्मान*
इस अवसर पर शहीद परिवारों, वीर माताओं एवं वीर नारियों का अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। जिसमें कारगिल युद्ध के परमवीर चक्र से सम्मानित अमर शहीद कैप्टन मनोज कुमार पाण्डेय, लांस नायक केवलानंद द्विवेदी एवं रायफलमैन सुनील जंग के परिजनों को सम्मानित किया गया। साथ ही देश की सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद श्री राजवीर सिंह, श्री मुकेश चंद्र शर्मा, श्री अरुण कुमार त्रिपाठी, श्री हर्षवर्धन सिंह बिष्ट, श्री रामानंद सिंह, श्री भूपेंद्र मेहरा, श्री शशिकांत यादव, श्री नरेंद्र तिवारी सहित अन्य शहीदों के परिजनों, वीर माताओं एवं वीर नारियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

*मंत्री ए.के. शर्मा ने राष्ट्रविरोधी ताकतों से सतर्क रहने का किया आह्वान*
अपने संबोधन में माननीय मंत्री श्री ए.के. शर्मा जी ने कहा कि कारगिल विजय दिवस देश के वीर सपूतों के अदम्य साहस, शौर्य और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कारगिल के सभी अमर शहीदों को नमन करते हुए उनके परिवारजनों तथा पूर्व सैनिकों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कारगिल जैसी लड़ाइयाँ केवल सीमाओं पर ही नहीं लड़ी जातीं, बल्कि आज देश के भीतर भी अनेक प्रकार की चुनौतियाँ मौजूद हैं। आतंकवादियों, छद्मवेश में छिपे राष्ट्रविरोधी तत्वों तथा समाज में भ्रम फैलाने वाली शक्तियों से सभी नागरिकों को सजग रहने की आवश्यकता है। सोशल मीडिया के इस दौर में भ्रामक एवं झूठी सूचनाएँ तेजी से फैलती हैं, इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि किसी भी सूचना पर विश्वास करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य परखे तथा देश की एकता और अखंडता के विरुद्ध किसी भी दुष्प्रचार का हिस्सा न बने। मंत्री श्री शर्मा ने मंच से अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सैनिकों एवं शहीद परिवारों से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि राष्ट्र के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले परिवारों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

*उपमुख्यमंत्री ने सैनिक परिवारों के सम्मान और समस्याओं के समाधान पर दिया जोर*
मुख्य अतिथि माननीय उपमुख्यमंत्री श्री बृजेश पाठक जी ने कारगिल के वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध के दौरान अटल जी स्वयं सीमा क्षेत्र में पहुँचकर सैनिकों का मनोबल बढ़ाने गए थे। उन्होंने कहा कि लखनऊ के सभी सैनिक परिवारों को चिन्हित कर उनका सम्मान किया जाए तथा उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना हम सभी का दायित्व है।

*राष्ट्रगान के साथ हुआ कार्यक्रम का समापन*
कार्यक्रम में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, पूर्व सैनिकों एवं नागरिकों ने एक स्वर में कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया। अंत में नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार जी ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, पूर्व सैनिकों, शहीद परिवारों, वीर माताओं, वीर नारियों एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का गरिमामय समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *