कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि, 527 दीप प्रज्ज्वलित कर वीर जवानों के बलिदान को किया नमन

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

लखनऊ, 26 जुलाई। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर कैंटोनमेंट स्थित स्मृतिका वाटिका में एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके अद्वितीय साहस, पराक्रम और सर्वोच्च बलिदान को स्मरण किया गया।

इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नीरज सिंह एवं लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने शहीदों के चित्र एवं स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया एवं राष्ट्र की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम में 527 दीपकों का सामूहिक प्रज्ज्वलन रहा। दीपों की रोशनी ने पूरे परिसर को देशभक्ति के भाव से आलोकित कर दिया। उपस्थित जनसमूह ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के उद्घोष के साथ शहीदों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की।

इस अवसर पर डॉ. नीरज सिंह ने कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों का शौर्य और बलिदान प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणा का स्रोत है। राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों का ऋण कभी चुकाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को भी इन वीरों की गाथाओं से प्रेरणा लेनी चाहिए।

लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल एक सैन्य विजय का प्रतीक नहीं, बल्कि भारत की अदम्य राष्ट्रशक्ति, सैनिकों के अद्वितीय साहस और देशवासियों की अटूट एकजुटता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि शहीदों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है और उनके आदर्शों को जीवन में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कार्यक्रम में विधायक ओ.पी. श्रीवास्तव, डॉ. नीरज बोरा, विधान परिषद सदस्य रामचंद्र प्रधान, पवन सिंह चौहान, वीरेंद्र सिंह, विवेक सिंह सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ जन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *