लखनऊ में नगर निगम का सघन अभियान: जोन-2 में ₹18 हजार और जोन-5 में ₹3 हजार का शमन शुल्क, अतिक्रमण पर भी बड़ी कार्रवाई

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज़ 24उत्तर प्रदेश

– नगर आयुक्त के निर्देश पर शहरभर में स्वच्छता, अतिक्रमण और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए चला विशेष अभियान

लखनऊ: नगर निगम ने शहर में लगातार बढ़ते अतिक्रमण, गंदगी और यातायात अवरोधों को गंभीरता से लेते हुए मंगलवार को विभिन्न क्षेत्रों में सघन एवं बहुस्तरीय अभियान चलाया। नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के तहत स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने, अवैध अतिक्रमण हटाने, प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग पर रोक लगाने तथा सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई।

*जोन-2 में ₹18 हजार का शमन शुल्क, स्वच्छता कार्यों के साथ गंदगी और प्रतिबंधित प्लास्टिक पर कार्रवाई*
जोन-2 के अंतर्गत जोनल अधिकारी श्री मनोज कुमार यादव, जोनल सेनेटरी अधिकारी श्री राम सकल यादव, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री राजेश कुमार कुशवाहा एवं श्री देवेन्द्र कुमार वर्मा की देखरेख में भदैवा ऐशबाग, कुंडरी रकाबगंज, सुभाष मार्ग, यहियागंज, बड़ा इमामबाड़ा, महाकालेश्वर मंदिर, राजेन्द्र नगर, रकाबगंज चौराहा तथा शास्त्री नगर चौराहे के आसपास नालियों की सफाई, सड़क सफाई, कूड़ा उठान एवं एंटी-लार्वा छिड़काव कराया गया।

296 प्रवर्तन दल ने बुलाकी अड्डे से पत्थर कट्टा मस्जिद, मोहन रोड तक अभियान चलाकर गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध 2 चालान कर ₹8,000 तथा प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग पर 3 चालान कर ₹10,000 का शमन शुल्क वसूला। इस प्रकार कुल ₹18,000 का शमन शुल्क वसूल किया गया।

*जोन-5 में 10 ठेले, 3 गुमटियां और 5 काउंटर हटाए, ₹3 हजार का शमन शुल्क वसूला*
जोन-5 क्षेत्र में अवध चौराहे से हरदोई रोड स्थित कनौसी पुल तक तथा आलमबाग चौराहे से तालकटोरा रोड होते हुए लंगड़ा फाटक तक सड़क की दोनों पटरियों पर किए गए अस्थायी अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान 10 ठेले, 3 गुमटियां और 5 काउंटर हटाए गए, जबकि 3 ठेलों को जब्त किया गया। अतिक्रमणकारियों को दोबारा अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी भी दी गई।

अभियान के दौरान गंदगी फैलाने एवं प्रतिबंधित पॉलीथीन के उपयोग के विरुद्ध ₹3,000 का शमन शुल्क भी वसूला गया। यह कार्रवाई जोनल अधिकारी श्री विनीत कुमार सिंह के नेतृत्व में कर अधीक्षक श्री सभाजीत सिंह, जोनल सेनेटरी अधिकारी श्री सचिन सक्सेना, राजस्व निरीक्षक श्री विवेक मिश्रा, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री सुभाष चौधरी, 296 प्रवर्तन दल तथा पुलिस बल की उपस्थिति में संपन्न हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *