नगर निगम लखनऊ ने कपूरथला मार्केट में चलाया स्वच्छता जनजागरूकता अभियान

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज़ 24उत्तर प्रदेश

– रैली और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सिंगल यूज़ प्लास्टिक के बहिष्कार एवं कचरा पृथक्करण का दिया गया संदेश

लखनऊ। नगर निगम लखनऊ द्वारा शहर को स्वच्छ एवं सिंगल यूज़ प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से कपूरथला मार्केट में विशेष स्वच्छता जनजागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। माननीय पार्षद अलीगंज श्री पृथ्वी गुप्ता जी के नेतृत्व एवं लखनऊ स्वच्छता अभियान के क्षेत्रीय निदेशक श्री अभय रंजन जी के संरक्षण में आयोजित इस अभियान के दौरान रैली और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दुकानदारों, ग्राहकों एवं स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

*सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर रोक और डस्टबिन की व्यवस्था का किया गया आह्वान*
अभियान के दौरान नगर निगम लखनऊ की टीम ने बाजार के व्यापारियों से संवाद कर सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद करने, प्रत्येक प्रतिष्ठान के बाहर डस्टबिन रखने तथा सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। इस अवसर पर स्वच्छ बाजार, स्वस्थ समाज और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी प्रभावी ढंग से प्रसारित किया गया।

*नुक्कड़ नाटक से दिया गया व्यवहार परिवर्तन का संदेश*
कार्यक्रम में प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नागरिकों को घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर गीले एवं सूखे कचरे का पृथक्करण करने, कपड़े अथवा जूट के थैले का नियमित उपयोग अपनाने तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया। प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी का एहसास कराया।

*जनभागीदारी से ही बनेगा स्वच्छ लखनऊ : श्री पृथ्वी गुप्ता*
माननीय पार्षद श्री पृथ्वी गुप्ता ने कहा कि स्वच्छता अभियान तभी सफल होगा, जब प्रत्येक नागरिक इसे अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सक्रिय भागीदारी निभाए। उन्होंने सभी से सिंगल यूज़ प्लास्टिक से दूरी बनाकर स्वच्छ एवं सुंदर लखनऊ के निर्माण में सहयोग करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *