यूपी लाइव न्यूज़ 24उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी
– नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर कई जोनों में कार्रवाई, अवैध अतिक्रमण हटाकर सामान किया गया जब्त; उल्लंघनकर्ताओं से वसूला गया शमन शुल्क
लखनऊ: नगर निगम लखनऊ ने शहर में बढ़ते अवैध अतिक्रमण, यातायात अवरोध, सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी और प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को गंभीरता से लेते हुए शनिवार को विभिन्न जोनों में सघन अभियान चलाया। नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर नगर निगम की टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया, प्रतिबंधित प्लास्टिक एवं अन्य सामान जब्त किया और नियमों का उल्लंघन करने वालों से शमन शुल्क वसूला।
*जोन-2 में सफाई व्यवस्था दुरुस्त, चारबाग में उल्लंघनकर्ताओं पर कार्रवाई*
जोन-2 में जोनल अधिकारी श्री मनोज कुमार यादव, जोनल सेनेटरी अधिकारी श्री रामसकल यादव तथा सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री राजेश कुमार कुशवाहा एवं श्री देवेन्द्र कुमार वर्मा की देखरेख में कंधी वाली गली, बड़ा इमामबाड़ा, कुण्डरी रकाबगंज, नन्दा खेड़ा, याहियागंज मार्केट, नवयुग रेडिएन्स स्कूल राजेन्द्र नगर, तुलसीदास मार्ग, गैस कम्पनी रोड, हैदरगंज तिराहा, बुलाकी अड्डा, एवरेडी तिराहा, बालाजी मंदिर, कॉटन मिल तिराहा से कर्बला मैदान तक विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान नालियों एवं सड़कों की सफाई, कूड़ा उठान तथा एंटी लार्वा छिड़काव सहित विभिन्न कार्य कराए गए।
*चारबाग में गंदगी और प्रतिबंधित प्लास्टिक पर ₹23 हजार का शमन शुल्क*
जोन-2 की टीम ने प्रवर्तन दल-296 के साथ चारबाग क्षेत्र में गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध 5 चालान करते हुए ₹12,500 का शमन शुल्क वसूला। प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग पर 2 चालान कर ₹10,000 तथा अतिक्रमण के विरुद्ध एक चालान कर ₹500 का शमन शुल्क वसूला गया। इस प्रकार अभियान के दौरान कुल ₹23,000 का शमन शुल्क वसूला गया।
*जोन-3 में शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई, कई स्थानों से हटाया अतिक्रमण*
जोन-3 में जोनल अधिकारी श्री अजीत राय के निर्देशन में सीतापुर रोड स्थित महर्षि स्कूल के सामने किए गए अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इसके साथ ही शिकायतों के आधार पर कुर्सी रोड स्थित सृष्टि अपार्टमेंट के सामने सड़क पर दुकानदारों एवं फड़ विक्रेताओं द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। फैजुल्लागंज, सीतापुर रोड स्थित केशव नगर मोड़ पर घर के सामने ठेला लगाकर किए गए अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई।
जोन-3 की टीम ने आईआईएम तिराहे पर प्रतिबंधित पॉलीथीन के विरुद्ध भी अभियान चलाया। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान एक ठेला, 25 कैरेट, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, एक पानी का डिब्बा, 3 बड़े तिरपाल, 2 कुर्सियां, 5 बांस के टुकड़े तथा एक छोटा लोहे का काउंटर सहित अन्य सामान जब्त किया गया।
*जोन-4 में सिंगल यूज प्लास्टिक और गंदगी के खिलाफ अभियान, 700 ग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त, ₹7 हजार जुर्माना वसूला*
जोन-4 के गोमती नगर विस्तार क्षेत्र में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक और गंदगी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। अभियान में जोनल अधिकारी श्रीमती शिल्पा कुमारी सहित कर अधीक्षक, जोनल सेनेटरी अधिकारी तथा सफाई एवं खाद्य निरीक्षक उपस्थित रहे।
अभियान के दौरान लगभग 700 ग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त किया गया और इसके उपयोग पर ₹6,000 का जुर्माना वसूला गया। वहीं, सार्वजनिक स्थान पर गंदगी फैलाने के मामले में ₹1,000 का जुर्माना लगाया गया। इस प्रकार जोन-4 में कुल ₹7,000 की कार्रवाई की गई।
*जोन-5 में कृष्णानगर मेट्रो स्टेशन और सहसोवीर मंदिर मार्ग से हटाया अतिक्रमण, ₹17,500 का शमन शुल्क वसूला*
जोन-5 क्षेत्र के अंतर्गत कृष्णानगर मेट्रो स्टेशन के नीचे एवं सहसोवीर मंदिर मार्ग पर अतिक्रमणकारियों द्वारा किए गए अस्थायी अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान ठेले, ठेलिया, खुमचा, गुमटी और काउंटर आदि हटाए गए। अभियान में 8 ठेले, 4 गुमटियां और 6 काउंटर हटाए गए। इसके साथ ही 3 लोहे की बेंच, एक लोहे का काउंटर तथा एक लकड़ी का तख्त जब्त किया गया।
कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारियों को दोबारा अतिक्रमण न करने की चेतावनी देते हुए अतिक्रमण के विरुद्ध ₹1,000 का शमन शुल्क वसूला गया। इसके अतिरिक्त गंदगी और प्रतिबंधित पॉलीथीन के विरुद्ध चलाए गए अभियान में ₹16,500 का शमन शुल्क वसूला गया। इस प्रकार जोन-5 में कुल ₹17,500 का शमन शुल्क वसूला गया।
जोन-5 में अभियान जोनल अधिकारी श्री विनीत कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाया गया। कार्रवाई में कर अधीक्षक श्री सभाजीत सिंह, जोनल सेनेटरी अधिकारी श्री सचिन सक्सेना, राजस्व निरीक्षक श्री पियूष तिवारी, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री सुभाष चौधरी, प्रवर्तन दल-296 तथा पुलिस बल शामिल रहा।