यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश
लखनऊ हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत शुक्रवार को कैंट विधानसभा मंडल-3 में राष्ट्रभक्ति एवं शहीदों के सम्मान से जुड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया। नाका हिंडोला चौराहा स्थित अमर शहीद हेमू कालाणी जी की प्रतिमा स्थल पर उपमुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक एवं भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी पहुंचे।
इस दौरान उन्होंने प्रतिमा स्थल की साफ-सफाई की और अमर शहीद हेमू कालाणी जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए माल्यार्पण किया। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि देश की स्वतंत्रता और राष्ट्र की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों का जीवन प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि शहीदों की प्रतिमाओं एवं स्मारकों की स्वच्छता और सम्मान हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।
भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल तिरंगा फहराने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के वीर सपूतों के बलिदान को स्मरण करने और नई पीढ़ी को राष्ट्रभक्ति से जोड़ने का अभियान है।
—
*हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत ‘वीर शहीदों के परिजनों से संपर्क कर किया सम्मान*
लखनऊ। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत ‘वीर शहीदों के परिजनों से संपर्क एवं सम्मान’ कार्यक्रम के तहत उपमुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक एवं भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने भारतीय सेना के वीर जवान अमर शहीद राइफलमैन सुनील जंग जी के आवास पहुंचकर उनके परिजनों से भेंट की।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री एवं महानगर अध्यक्ष ने शहीद सुनील जंग जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शहीद के परिजनों से बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा राष्ट्र रक्षा के लिए दिए गए उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों का त्याग देश कभी नहीं भूल सकता। शहीद परिवारों का सम्मान पूरे समाज और राष्ट्र की जिम्मेदारी है।
वहीं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नीरज सिंह ने कारगिल युद्ध के वीर योद्धा कैप्टन मनोज पाण्डेय के शौर्य, वीरता एवं राष्ट्रसेवा को नमन करते हुए उनके परिवारजनों से भेंट-वार्ता की। उन्होंने परिवार का सम्मान करते हुए कहा कि कैप्टन मनोज पाण्डेय का सर्वोच्च बलिदान आने वाली पीढ़ियों को सदैव राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।