यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश
– प्रमुख चौराहों और मार्गों पर विशेष रोशनी से बढ़ी राजधानी की खूबसूरती
लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राजधानी लखनऊ का नजारा देखते ही बन रहा है। 15 अगस्त के राष्ट्रीय पर्व को लेकर नगर निगम ने शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों और महत्वपूर्ण स्थलों को तिरंगे के रंगों वाली आकर्षक एलईडी लाइटों से सजाया है। रात में इन रोशनियों के बीच पूरा शहर देशभक्ति के रंग में सराबोर दिखाई दे रहा है।
हजरतगंज, राजभवन क्षेत्र, 1090 चौराहा, लोहिया पथ और मुख्यमंत्री चौराहा सहित कई प्रमुख स्थानों पर विशेष तिरंगा लाइटिंग की गई है। शाम ढलते ही इन स्थानों की रोशनी राहगीरों और शहरवासियों का ध्यान आकर्षित कर रही है। तिरंगे के रंगों से सजे प्रमुख मार्ग राजधानी की सुंदरता को और निखार रहे हैं।
स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को अंतिम रूप देने में नगर निगम के मार्ग प्रकाश विभाग की टीम ने विशेष भूमिका निभाई। टीम द्वारा प्रमुख स्थानों पर लाइटिंग व्यवस्था को दुरुस्त करने के साथ ही सजावट का काम समय से पूरा किया गया, ताकि राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर शहर को आकर्षक स्वरूप दिया जा सके।
नगर निगम की ओर से की गई यह विशेष सजावट न केवल लखनऊ की खूबसूरती बढ़ा रही है, बल्कि लोगों में स्वतंत्रता दिवस को लेकर उत्साह और राष्ट्रभक्ति की भावना को भी मजबूत कर रही है। रात के समय तिरंगे की रोशनी से जगमगाते शहर की तस्वीरें भी लोगों के बीच आकर्षण का विषय बनी हुई हैं।