यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश
– नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए, गंदगी और सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ भी की गई कार्रवाई
लखनऊ। नगर निगम लखनऊ ने शहर में लगातार बढ़ते अतिक्रमण और उससे उत्पन्न यातायात अवरोधों को गंभीरता से लेते हुए बुधवार को विशेष अभियान चलाया। नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर संचालित इस अभियान के दौरान सड़क किनारे किए गए अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। साथ ही गंदगी फैलाने वालों एवं सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग करने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई।
*आलमबाग से अवध चौराहे तक हटाया गया अस्थायी अतिक्रमण*
नगर निगम के जोन-05 क्षेत्र में आलमबाग चौराहे से अवध चौराहे तक सड़क की दोनों पटरियों पर अतिक्रमण हटाने के लिए सघन अभियान चलाया गया। इस दौरान ठेले, ठेलियां, खुमचे, गुमटियां और काउंटर आदि के रूप में किए गए अस्थायी एवं अवैध अतिक्रमण को हटाया गया।
*08 ठेले, 04 गुमटियां और 04 काउंटर हटाए गए*
अभियान के दौरान कुल 08 ठेले, 04 गुमटियां एवं 04 काउंटर हटाए गए। इसके अतिरिक्त एक गैस सिलेंडर और एक गद्दा भी जब्त किया गया। संबंधित अतिक्रमणकारियों को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी भी दी गई।
*जोनल अधिकारी के नेतृत्व में चला अभियान*
यह अभियान जोन-05 के जोनल अधिकारी श्री विनीत कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाया गया। अभियान में कर अधीक्षक श्री सभाजीत सिंह, जोनल सेनेटरी अधिकारी श्रीमती प्रीती यादव, राजस्व निरीक्षक श्रीमती रूचि यादव, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री सुभाष चौधरी सहित प्रवर्तन दल-296 एवं पुलिस बल की सक्रिय सहभागिता रही।
*अतिक्रमण मुक्त और सुगम यातायात व्यवस्था के लिए जारी रहेगा अभियान*
नगर निगम लखनऊ ने स्पष्ट किया है कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त करने तथा स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी जारी रहेंगे। नागरिकों से अपील की गई है कि वे सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण न करें, गंदगी न फैलाएं और सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग करने से बचें।