सेवा से संकल्प तक, 25 वर्षों की यात्रा को जन-जन तक ले जाएगी भाजपा लखनऊ महानगर

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश

लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी लखनऊ महानगर की ओर से ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ का आयोजन किया जाएगा। जिसके निमित्त हजरतगंज स्थित हलवासिया कोर्ट में कार्यशाला का आयोजन किया। इस अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री के सेवा, सुशासन, अंत्योदय और राष्ट्र प्रथम के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के साथ समाज के विभिन्न वर्गों को सेवा कार्यों से जोड़ना है। प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर के बीच 13 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान में अधिकतम पहुंच, अधिकतम सहभागिता और अधिकतम सेवा गतिविधियों पर जोर दिया गया है।

कार्यशाला में भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, राज्यसभा सांसद बृज लाल, विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा, लालजी प्रसाद निर्मल, क्षेत्रीय मंत्री विजय भुर्जी, महानगर महामंत्री घनश्याम दास अग्रवाल, टिंकू सोनकर, विनायक पांडेय तथा सुधीर हलवासिया समेत पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि अभियान की शुरुआत 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। इसके तहत प्रत्येक बूथ के लाभार्थी परिवारों के घर जाकर दीप प्रज्ज्वलित करने का आह्वान किया जाएगा। इसका उद्देश्य प्रधानमंत्री के 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करना और विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प का प्रतीकात्मक संदेश देना है।

इसके साथ ही ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ विषय पर 17 से 27 सितंबर तक सरकारी और निजी विद्यालयों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। चयनित चित्रों की जिला और प्रदेश स्तर पर प्रदर्शनियां आयोजित कर बच्चों को प्रोत्साहित किया जाएगा।

‘नमो सेवा गाथा’ के तहत 17 सितंबर से दो अक्टूबर तक स्कूल, कॉलेज, पंचायत, सामुदायिक केंद्र और सार्वजनिक स्थलों पर नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से 25 वर्षों के सेवा कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और देश में आए बदलाव की कहानी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। प्रत्येक जिले में 18 से 20 नुक्कड़ नाट्य टोलियां तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।

महिलाओं और बच्चों से जुड़ा ‘आंगन का उत्सव’ 25 सितंबर से सात अक्टूबर तक प्रदेश के प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर तीन दिन तक आयोजित होगा। इसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा दीदियों का सम्मान किया जाएगा। साथ ही पोषण, स्वास्थ्य और महिला कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी लाभार्थी माताओं तक पहुंचाई जाएगी।
i
अभियान का एक महत्वपूर्ण हिस्सा ‘कहानी बदलाव की’ होगा। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर के बीच शक्ति केंद्रों पर सरकारी योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों की वास्तविक कहानियां वीडियो रील के माध्यम से सामने लाई जाएंगी। प्रत्येक शक्ति केंद्र से कम से कम 10 लाभार्थियों की कहानियां जुटाने का लक्ष्य रखा गया है।

इसी क्रम में ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के माध्यम से प्रभावशाली परिवर्तन वाले स्थानों पर डिजिटल जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स को ऐसे स्थानों पर ले जाकर वहां हुए बदलाव की वास्तविक तस्वीर देश के सामने रखने की योजना है।

सात अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के माध्यम से गांव-गांव से छोटी यात्राएंn निर्धारित स्थान पर पहुंचेंगी। पैदल और बाइक रैली के माध्यम से लोग सेवा ज्योति/मशाल के साथ जिला केंद्र की ओर बढ़ेंगे। समापन स्थल पर बड़ा सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित कर 25 वर्षों की सेवा उपलब्धियों की जानकारी साझा करने और विकसित भारत-2047 का सामूहिक संकल्प लेने की योजना है।

इसके अलावा गुजरात के वडनगर से काशी तक ‘जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार’, ‘रंगोली राष्ट्र’, राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज और ‘जनसेवक महाकुंभ—पंचायत से पार्लियामेंट’ जैसे कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं। ‘सेवा मेरा योगदान’ में नागरिक 25 सेवा गतिविधियों में से किसी एक को चुनकर कम से कम 25 मिनट सेवा कार्य करेंगे। इनमें रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वच्छता, स्वास्थ्य जांच, महिला स्वास्थ्य, शिक्षा सहयोग, करियर काउंसलिंग, नशामुक्ति, मतदाता जागरूकता और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता जैसे कार्य शामिल हैं।

17 अक्टूबर को प्रस्तावित ‘जनसेवक महाकुंभ’ में देशभर से करीब 1.25 लाख सरपंच और अन्य जनप्रतिनिधियों को एकत्रित कर प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवा कार्यकाल के प्रति सम्मान व्यक्त करने और विकसित भारत का संकल्प लेने की योजना है। कार्यक्रम को विश्व रिकॉर्ड के रूप में दर्ज कराने का भी लक्ष्य रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *