यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष श्री श्याम लाल पाल के नेतृत्व में रविवार को समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने इकोगार्डेन में पंचायत सहायक कर्मचारी यूनियन तथा 68500 सहायक शिक्षा भर्ती 2018 ओबीसी 5 प्रतिशत छूट व आरक्षण तथा आरक्षण में नियत प्रक्रिया के अनुपालन न किए जाने के विरोध में धरना-प्रदर्शन कर रहे पीड़ित अभ्यर्थियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। समाजवादी प्रतिनिधिमंडल ने आश्वासन दिया कि समाजवादी सरकार बनते ही उनकी समस्याओं का निराकरण होगा। सबको पक्की नौकरी देंगे उनकी समस्याओं का निराकरण होगा। इसलिए 2027 में समाजवादी सरकार बनाने में सभी सहयोग करें।
समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमण्डल में सर्वश्री विधायकगण श्री रविदास मेहरोत्रा, सुरेश यादव, गौरव रावत तथा अरमान खान सहित डॉ. राजपाल कश्यप प्रदेश अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ, जयसिंह जयंत जिलाध्यक्ष समाजवादी पार्टी लखनऊ, शब्बीर खान महासचिव समाजवादी पार्टी लखनऊ एवं कुलदीप यादव, संदीप यादव, अनिल पासी, महेन्द्र यादव, उवैद सानू, अरमान खान, उपेन्द्र सिंह आदि शामिल थे।
पंचायत सहायक कर्मचारी यूनियन ने प्रदेश अध्यक्ष श्री श्याम लाल पाल को ज्ञापन देकर ब्रजेश मिश्रा प्रदेश अध्यक्ष, सतेन्द्र प्रदेश संगठन मंत्री तथा चंद्रदेव सूचना मंत्री ने पंचायत सहायकों के मानदेय में वृद्धि, सेवा सुरक्षा तथा अन्य न्यायोचित मांगों के सम्बंध में सरकारी उपेक्षा की शिकायत की। ज्ञापन में 30 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय, स्थायी सेवा में रखने, प्रमोशन में 50 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण की मांग के अलावा महिलाओं को मातृत्व अवकाश की सुविधा दिए जाने की मांग की गई है।
इस अवसर पर सर्वश्री तूफान सिंह, आशुतोष वर्मा, नवीन चौधरी, अखिल कुमार यादव, मोहम्मद आरिफ, इस्तखार अंसारी, अजीत प्रताप सिंह, महेश कुमार, हेमंत मौर्य, रघुमन, दीपक जायसवाल, सुधीर वर्मा, ओमकार विश्वकर्मा, ने समाजवादी प्रतिनिधि मंडल को ज्ञापन देकर कहा कि 68500 सहायक शिक्षक भर्ती 2018 में ओबीसी वर्ग को आरक्षित वर्ग से अलग करके सामान्य वर्ग के साथ रखकर उत्तर प्रदेश आरक्षण नियमावली 1994 का उल्लंघन किया गया है। केन्द्रीय एवं राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग एवं विधान परिषद की संसदीय एवं सामाजिक सद्भाव समिति के निर्देशों का भी भाजपा सरकार अनुपालन नहीं कर रही है। इस सहायक शिक्षक भर्ती में पूर्णांक 150 में 60 अंक अर्थात 40 प्रतिशत पर सफल होने वालों को भी नियुक्ति दिए जाने की मांग भी की गई है।
स्मरणीय है, पंचायत सहायकों के प्रतिनिधिमंडल ने 11 सितम्बर 2026 को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव से मिलकर अपना ज्ञापन दिया था। पंचायत सहायकों को अभी 6 हजार रूपये मानदेय मिल रहा है। उसे बढ़ाने एवं नियमितीकरण की मांग को लेकर 7 सितम्बर से पंचायत सहायक इको गार्डेन में धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्हें धरना स्थल पर पेयजल सुविधा नहीं मिल रही है। शौचालय में ताला डाल दिया गया है। भूखे प्यासे धूप और बरसात में पंचायत सहायक अपनी मांगों को लेकर अनिश्चित कालीन धरने पर बैठे हुए हैं। श्री अखिलेश यादव ने सहानुभूति के साथ उनकी बातें सुनी। पंचायत सहायक सर्वश्री अभिषेक यादव, शिवम मिश्रा, आरिफ खान, किरन देवी, वंदना देवी एवं पुष्पा देवी ने श्री अखिलेश यादव से भेंट की थी।