यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश
लखनऊ 15 सितंबर 2026
सरोजिनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने मंगलवार को वरिष्ठ पत्रकार एवं प्रमुख समाजसेवी श्री शरद प्रधान के साथ जानकीपुरम विस्तार स्थित दृष्टि सामाजिक संस्थान पहुंचकर विशेष देखभाल की आवश्यकता वाले बच्चों के बीच आत्मीय समय बिताया। उन्होंने बच्चों को फल एवं चॉकलेट वितरित किए, उनसे संवाद किया और संस्था की आवश्यकताओं को समझा।
₹20 लाख की सहायता और आवश्यक संसाधनों का संकल्प
डॉ. राजेश्वर सिंह ने संस्था को ट्रस्ट के माध्यम से ₹20 लाख की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। बच्चों की शिक्षा, मनोरंजन और सामूहिक गतिविधियों के लिए Digital TV एवं Sound System देने तथा भविष्य में शैक्षणिक एवं मनोरंजक भ्रमण हेतु आवश्यकतानुसार बसों की व्यवस्था में सहयोग का भी भरोसा दिया। बच्चों की निःस्वार्थ सेवा में समर्पित कर्मचारियों एवं सहयोगियों के सम्मान में उन्होंने 150 साड़ियां प्रदान कीं।
265 बच्चों के लिए घर और परिवार है ‘दृष्टि’
वर्ष 1990 में स्वर्गीय श्रीमती नीता बहादुर द्वारा स्थापित दृष्टि पिछले 35 वर्षों से निराश्रित, दिव्यांग, बहु-दिव्यांग एवं विशेष बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, देखभाल और पुनर्वास के लिए कार्यरत है। वर्तमान में यहां 265 बच्चे निवास करते हैं, जिनकी सेवा और देखभाल में 143 कर्मचारियों की टीम दिन-रात समर्पित है। इनमें से अनेक बच्चों के लिए दृष्टि केवल एक संस्थान नहीं, बल्कि उनका अपना घर और परिवार है।
डॉ. सिंह ने कहा, “सच्ची समाजसेवा क्या होती है, इसे समझने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को एक बार दृष्टि आकर इन बच्चों और उनकी सेवा में जुटे लोगों से अवश्य मिलना चाहिए।”
सेवाभाव को नमन, समाज से सहयोग का आह्वान
डॉ. राजेश्वर सिंह ने संस्थापिका स्व. श्रीमती नीता बहादुर के सेवा-संकल्प को नमन करते हुए अध्यक्ष श्री धीरेश बहादुर, श्री अथर्व बहादुर, श्रीमती शालू बहादुर, मैनेजर श्री रोहित तथा पूरी टीम के समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि 35 वर्षों तक विशेष बच्चों की जिम्मेदारी निभाना केवल सेवा नहीं, बल्कि करुणा और मानवता की प्रेरणादायी साधना है।
उन्होंने सामाजिक संस्थाओं, ट्रस्टों, समाजसेवियों, सक्षम नागरिकों और Corporate CSR संगठनों से दृष्टि से जुड़ने की अपील करते हुए कहा, “सहयोग केवल धन से नहीं होता—कोई शिक्षा दे सकता है, कोई स्वास्थ्य सुविधा, कोई संसाधन और कोई अपना समय व स्नेह। दृष्टि आइए, बच्चों से मिलिए और उनकी मुस्कान का हिस्सा बनिए।”
संस्था की वर्तमान एवं दीर्घकालिक आवश्यकताओं की Consolidated Requirement List तैयार कर ट्रस्टों, CSR संगठनों और समाजसेवियों के साथ साझा करने का भी प्रयास किया जाएगा, ताकि सहयोग निरंतर और व्यवस्थित रूप से मिल सके।
डॉ. सिंह ने कहा, “किसी समाज की वास्तविक प्रगति इस बात से तय होती है कि वह अपने सबसे अधिक सहयोग की आवश्यकता वाले बच्चों को कितना सम्मान, सुरक्षा और अवसर देता है। जिम्मेदार नागरिक वही है, जो अपने परिवार के साथ समाज के बच्चों के भविष्य की भी चिंता करे। आइए, हम सब मिलकर सुनिश्चित करें कि कोई भी बच्चा स्नेह, सम्मान और आगे बढ़ने के अवसर से वंचित न रहे।”