यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश
– यूपी दर्शन पार्क, एफसीटीएस, भरवारा एसटीपी का किया भ्रमण, मा० महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल से की शिष्टाचार भेंट
लखनऊ। पटना नगर निगम के 14 माननीय पार्षदों एवं एक अधिकारी के प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ नगर निगम की स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं आधुनिक शहरी व्यवस्थाओं का अध्ययन करने के क्रम में दूसरे दिन मंगलवार को विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण किया। प्रतिनिधिमंडल ने यूपी दर्शन पार्क, भैंसौरा स्थित एफसीटीएस तथा भरवारा एसटीपी का अवलोकन कर वहां संचालित व्यवस्थाओं एवं कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की।
भ्रमण के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ नगर निगम द्वारा डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, कचरे के पृथक्करण, परिवहन एवं वैज्ञानिक निस्तारण के लिए अपनाई जा रही व्यवस्थाओं को समझा। टीम ने एफसीटीएस तथा एसटीपी में कचरा एवं अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं का मौके पर निरीक्षण किया और अधिकारियों से विभिन्न कार्यों की जानकारी ली।
इसके उपरांत प्रतिनिधिमंडल ने स्मार्ट सिटी कार्यालय में लखनऊ की मा० महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर मा० कार्यकारिणी उपाध्यक्ष श्री सुशील तिवारी ‘पम्मी’ जी, नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार जी, अपर नगर आयुक्त श्री अभिनव रंजन श्रीवास्तव, श्री पंकज श्रीवास्तव, श्री अरुण कुमार गुप्त, डॉ. अरविंद कुमार राव सहित नगर निगम के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
*महापौर ने लखनऊ नगर निगम की प्रमुख कार्ययोजनाओं की दी जानकारी*
शिष्टाचार भेंट के दौरान मा० महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने पटना नगर निगम के प्रतिनिधिमंडल को लखनऊ नगर निगम द्वारा शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित एवं आधुनिक बनाने की दिशा में किए जा रहे विभिन्न कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
मा० महापौर जी ने शिवरी स्थित कूड़ा निस्तारण प्लांट, सीएंडडी वेस्ट प्लांट, पीसीटीएस एवं एफसीटीएस, इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग, हाउस टैक्स रिकवरी तथा वेंडिंग जोन सहित नगर निगम द्वारा संचालित विभिन्न व्यवस्थाओं एवं नवाचारों के बारे में प्रतिनिधिमंडल को अवगत कराया।
उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ तकनीक के बेहतर उपयोग, कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण, इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने तथा शहर में व्यवस्थित वेंडिंग व्यवस्था विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
*पटना में लखनऊ के स्वच्छता मॉडल को अपनाने पर जोर*
पटना नगर निगम के प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ नगर निगम द्वारा स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में अपनाई जा रही कार्यप्रणाली की सराहना की। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने लखनऊ में कचरा संग्रहण से लेकर उसके परिवहन एवं निस्तारण तक की व्यवस्थाओं को उपयोगी बताते हुए पटना नगर निगम में भी इस प्रकार के स्वच्छता मॉडल को लागू करने की दिशा में कार्य करने की बात कही।
पटना नगर निगम से प्रतिनिधिमंडल में मा० पार्षद श्री बिनोद कुमार, श्री मनोज कुमार, श्री विकास कुमार, श्री सतीश कुमार, श्री शशि भूषण, श्री आशीष कुमार शंकर, श्री विनय कुमार, श्री कुमार संजीत, श्री कैलाश प्रसाद यादव, श्री आशीष कुमार सिन्हा, श्री फैजूर रहमान, श्री अमर कुमार, श्री राजकुमार गुप्ता एवं श्री असफर अहमद तथा अपर नगर आयुक्त श्री कृष्ण स्वरूप उपस्थित रहे।