यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश
– कचरा प्रबंधन, प्रसंस्करण और अपशिष्ट से उपयोगी उत्पाद तैयार करने की प्रक्रिया की ली जानकारी
लखनऊ। क्षेत्रीय नगर एवं पर्यावरण अध्ययन केन्द्र, लखनऊ द्वारा नगरीय निकायों के अधिकारियों के लिए आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत झारखंड एवं उत्तर प्रदेश के विभिन्न नगरीय निकायों के करीब 30 अभियंताओं एवं अधिकारियों ने लखनऊ स्थित शिवरी वेस्ट मैनेजमेंट एंड प्रोसेसिंग प्लांट का अवलोकन किया। इस दौरान अधिकारियों ने प्लांट में कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन, प्रसंस्करण तथा उससे उपयोगी उत्पाद तैयार करने की प्रक्रिया की जानकारी ली।
*प्लांट की कार्यप्रणाली को समझा*
अधिकारियों की टीम ने शिवरी प्लांट में ठोस अपशिष्ट के प्रबंधन एवं प्रसंस्करण की विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्हें कचरे के संग्रहण से लेकर उसके प्रसंस्करण और उपयोगी सामग्री में बदलने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
*नारियल के खोल से तैयार उत्पादों की सराहना*
अवलोकन के दौरान टीम ने नारियल के खोल से तैयार किए जा रहे विभिन्न उत्पादों की सराहना की। अधिकारियों ने इस पहल को उपयोगी बताते हुए अपने-अपने शहरों में भी ऐसी व्यवस्था लागू करने पर जोर दिया, जिससे कचरे का बेहतर उपयोग करने के साथ-साथ उससे उपयोगी उत्पाद तैयार किए जा सकें।
*सीएंडडी वेस्ट से तैयार उत्पादों को भी सराहा*
टीम ने सीएंडडी वेस्ट प्लांट का भी अवलोकन किया। यहां निर्माण एवं विध्वंस से निकलने वाले कचरे का प्रसंस्करण कर विभिन्न उपयोगी उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने इस व्यवस्था की भी सराहना की और इसे अपने-अपने नगरीय निकायों में लागू करने की दिशा में कार्य करने पर जोर दिया।
*अपने शहरों में अपनाने पर जोर*
अधिकारियों ने कहा कि नगरीय क्षेत्रों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए कचरे के वैज्ञानिक प्रसंस्करण और उसके पुनः उपयोग पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। शिवरी प्लांट में अपनाई जा रही व्यवस्थाएं अन्य नगरीय निकायों के लिए भी उपयोगी हो सकती हैं।