यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
– कब्रिस्तान, श्मशान एवं वृक्षारोपण के लिए दर्ज भूमि पर की गई अवैध प्लाटिंग और बाउंड्रीवाल को जेसीबी से हटाया गया
लखनऊ। नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देशों पर सरकारी भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बुधवार को नगर निगम एवं प्रशासन की संयुक्त टीम ने सरोजनीनगर तहसील के ग्राम रहिमाबाद में बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 18 करोड़ 75 लाख रुपये मूल्य की सरकारी भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया।
*अपर नगर आयुक्त एवं उपजिलाधिकारी के निर्देश पर हुई कार्रवाई*
अपर नगर आयुक्त श्री पंकज श्रीवास्तव एवं उपजिलाधिकारी सरोजनीनगर श्री अंकित शुक्ला के निर्देश पर प्रभारी अधिकारी (सम्पत्ति) श्री रामेश्वर प्रसाद तथा तहसीलदार नगर निगम श्री अरविन्द पाण्डेय द्वारा गठित टीम ने मौके पर पहुंचकर अभियान चलाया। कार्रवाई का उद्देश्य नगर निगम एवं राजस्व अभिलेखों में दर्ज सरकारी भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराना था।
*सरकारी भूमि पर अवैध प्लाटिंग और बाउंड्रीवाल को किया ध्वस्त*
जांच में पाया गया कि ग्राम रहिमाबाद की कई सरकारी भूमि, जो राजस्व अभिलेखों में वृक्षारोपण, कब्रिस्तान एवं श्मशान भूमि के रूप में दर्ज हैं, उन पर कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से प्लाटिंग कर अस्थायी बाउंड्रीवाल का निर्माण किया जा रहा था। नगर निगम की टीम ने जेसीबी मशीन की सहायता से मौके पर पहुंचकर सभी अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया।
*1.250 हेक्टेयर सरकारी भूमि हुई कब्जामुक्त*
अभियान के दौरान खसरा संख्या 1279, 1286, 1385, 958, 959 एवं 960 से संबंधित कुल 1.250 हेक्टेयर सरकारी भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया। अधिकारियों के अनुसार मुक्त कराई गई भूमि का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 18 करोड़ 75 लाख रुपये है।
*संयुक्त टीम ने संभाला मोर्चा, शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हुई कार्रवाई*
अभियान का नेतृत्व नायब तहसीलदार नगर निगम श्री राजेन्द्र कुमार एवं नायब तहसीलदार सरोजनीनगर श्री अनूप श्रीवास्तव ने किया। कार्रवाई के दौरान नगर निगम के लेखपाल श्री अनूप गुप्ता, तहसील लेखपाल श्री अमरेन्द्र शर्मा, श्री सारांश सिंह एवं श्री ललितेश सिंह सहित नगर निगम की ईटीएफ टीम भी मौजूद रही।