यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
– महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने अधिकारियों को त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
लखनऊ। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नगर निगम लखनऊ द्वारा संचालित जन चौपाल अभियान के अंतर्गत सोमवार को जोन-7 के लाल बहादुर शास्त्री प्रथम वार्ड में जन चौपाल का आयोजन माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी की अध्यक्षता में किया गया। जन चौपाल में क्षेत्रीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में सहभागिता करते हुए अपनी समस्याएं एवं सुझाव महापौर के समक्ष रखे।
जन चौपाल के दौरान स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था, सीवर, पेयजल आपूर्ति, नालियों की सफाई, डोर-टू-डोर कूड़ा उठान, सड़क एवं अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित शिकायतें और सुझाव प्रस्तुत किए। नागरिकों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को बेहतर नगर सेवाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा जन चौपाल का उद्देश्य जनता और प्रशासन के बीच सीधे संवाद के माध्यम से समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त श्री अभिनव रंजन श्रीवास्तव जी, माननीय पार्षद श्री सुरेंद्र वाल्मीकि जी, पूर्व पार्षद श्री राकेश सिंह जी, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी श्री विनय कुमार राय जी, जोनल अधिकारी श्री रामेश्वर प्रसाद जी सहित नगर निगम एवं जलकल विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन चौपाल में प्राप्त शिकायतों पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए तथा क्षेत्र में सफाई, पेयजल, सीवर एवं अन्य नागरिक सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।