लखनऊ विद्यावती द्वितीय वार्ड की जन चौपाल में नागरिकों ने रखीं समस्याएं

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

– कूड़ा उठान में लापरवाही पर महापौर ने लायन एनवायरो के अधिकारियों को लगाई फटकार, 15 दिन में सुधार के दिए निर्देश

लखनऊ। केंद्र सरकार में माननीय प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी के सफल नेतृत्व में 12 वर्ष तथा उत्तर प्रदेश में माननीय मुख्यमंत्री आदरणीय श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में 09 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर नगर निगम लखनऊ द्वारा माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी की अध्यक्षता में जन चौपाल अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को जोन-8 के विद्यावती द्वितीय वार्ड स्थित पुष्पांजलि पार्क में जन चौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता कर अपनी समस्याएं एवं सुझाव रखे।

*जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की रही उपस्थिति*

जन चौपाल में माननीय पार्षद श्री कौशलेंद्र द्विवेदी जी, अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव जी, जोनल अधिकारी जोन-8 श्री विकास सिंह जी, अधिशासी अभियंता नगर निगम श्री शील श्रीवास्तव जी, अधिशासी अभियंता जलकल श्री प्रदीप यादव जी, उद्यान अधीक्षक श्री गंगाराम गौतम जी, जोनल सेनेटरी ऑफिसर श्री जितेंद्र गांधी जी समेत नगर निगम के अधिकारीगण एवं क्षेत्र की गणमान्य जनता उपस्थित रही।

*महापौर ने किया पौधारोपण*
जन चौपाल कार्यक्रम के दौरान माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी द्वारा पुष्पांजलि पार्क परिसर में मा० पार्षद जी एवं अपर नगर आयुक्त द्वारा पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण एवं हरित लखनऊ के निर्माण में जनसहभागिता की आवश्यकता पर बल दिया। महापौर ने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

*कूड़ा उठान एवं सफाई व्यवस्था को लेकर नागरिकों ने जताई नाराजगी*

जन चौपाल के दौरान स्थानीय नागरिकों ने शिकायत की कि एलडीए कॉलोनी में नियमित रूप से कूड़ा उठान नहीं हो रहा है और कई स्थानों पर तीन-तीन दिनों तक कूड़ा वाहन नहीं पहुंच रहा है। लोगों ने बताया कि कूड़ा संग्रहण में अनियमितता के कारण घरों एवं मोहल्लों में कूड़ा एकत्र हो जाता है, जिससे गंदगी और दुर्गंध की समस्या उत्पन्न हो रही है।

नागरिकों ने यह भी बताया कि नालियों में लोग कूड़ा डाल देते हैं, जिसके कारण जल निकासी प्रभावित होती है और सफाई व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

*नालियों एवं सीवर से जुड़ी समस्याएं भी उठीं*

क्षेत्रवासियों ने शिकायत की कि कई मकानों का सीवर सीधे नालियों में छोड़ा गया है, जिसके कारण नालियों से दुर्गंध आती है और आसपास के लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। नागरिकों ने इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग की तथा जल निकासी व्यवस्था को और बेहतर बनाने का अनुरोध किया।

*वाटर टैक्स एवं पशुपालन संबंधी विषय भी आए सामने*

जन चौपाल में नागरिकों ने वाटर टैक्स से संबंधित समस्याएं भी महापौर के समक्ष रखीं। इसके अतिरिक्त बिना लाइसेंस पशुपालन किए जाने की शिकायतें भी प्राप्त हुईं। इस पर महापौर ने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा आवश्यक जांच करने के निर्देश दिए।

*किला मोहम्मदी नाले के निर्माण से मिलेगी जलभराव की समस्या से राहत*

जन चौपाल के दौरान क्षेत्रीय नागरिकों ने नाले के निर्माण से संबंधित विषय भी उठाया। इस पर महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने जानकारी देते हुए बताया कि किला मोहम्मदी नाले के निर्माण कार्य को मा० नगर विकास मंत्री आदरणीय श्री ए.के. शर्मा जी के प्रयासों से हाल ही में शासन स्तर से स्वीकृति प्राप्त हो गई है। उन्होंने कहा कि नाले का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा।

*लायन एनवायरो के अधिकारियों को लगाई फटकार*

क्षेत्र में नियमित कूड़ा उठान न होने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने कार्यदायी संस्था लायन एनवायरो के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि आगामी 15 दिनों के भीतर कूड़ा उठान व्यवस्था में व्यापक सुधार सुनिश्चित किया जाए।

महापौर ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि दोबारा इस क्षेत्र से कूड़ा उठान संबंधी शिकायत प्राप्त नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नियमित मॉनिटरिंग करते हुए नागरिकों को बेहतर सफाई व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए।

*जन चौपाल बन रही समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम*

महापौर ने कहा कि जन चौपाल अभियान का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन चौपाल में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि नागरिकों को बेहतर नगर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *