यूपी लाइव न्यूज़ 24उत्तर प्रदेश
लखनऊ। नगर निगम लखनऊ के सहयोग से कठौता झील परिसर में शनिवार को विशेष स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना तथा नागरिकों को स्वच्छ एवं हरित लखनऊ के निर्माण में सहभागी बनाना रहा।
कार्यक्रम का नेतृत्व चिनहट द्वितीय के माननीय पार्षद श्री शैलेंद्र वर्मा जी ने किया तथा लखनऊ स्वच्छता अभियान के क्षेत्रीय निदेशक श्री अभय रंजन जी की अध्यक्षता में अभियान संचालित हुआ।
अभियान के दौरान नगर निगम की टीम ने कठौता झील के आसपास व्यापक सफाई अभियान चलाते हुए सड़क की सफाई, जंगली घास की कटाई, नालों की सफाई तथा आवागमन में बाधा बन रही पेड़ों की डालियों की छंटाई का कार्य कराया। लगभग एक किलोमीटर क्षेत्र में सड़क के दोनों ओर सुनियोजित ढंग से सफाई कर क्षेत्र की स्वच्छता, सौंदर्यीकरण एवं नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाया गया।
इस अवसर पर “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण भी किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों ने पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। अभियान के माध्यम से स्वच्छता और हरियाली को जनआंदोलन बनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री राकेश कुमार जी, पूर्व महाप्रबंधक (जलकल) श्री एस. के. वर्मा जी, नगर निगम की टीम, लखनऊ स्वच्छता अभियान, सुदीक्षा फाउंडेशन के सदस्य तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने श्रमदान करते हुए सक्रिय सहभागिता निभाई। सभी ने स्वच्छ, सुंदर एवं हरित लखनऊ के निर्माण के लिए निरंतर सहयोग का संकल्प लिया।