यूपी लाइव न्यूज़ 24उत्तर प्रदेश
उन्नाव जनपद के विधानसभा क्षेत्र मोहान का पीडीए कार्यकर्ता सम्मेलन मेंहदी खेड़ा स्थित आर०एस०लॉन में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री श्यामलाल पाल रहे। श्री श्याम लाल पाल ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए संविधान, आरक्षण, किसानों, नौजवानों और लोकतंत्र के मुद्दों पर केंद्र व प्रदेश सरकार को जमकर घेरा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और पीडीए की ताकत को एकजुट करने का आह्वान किया।
श्री श्यामलाल पाल ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने 400 पार का नारा दिया था, लेकिन जनता ने उनके अहंकार को स्वीकार नहीं किया। आज किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई, बल्कि खाद की कीमतें बढ़ गईं और उसका वजन घटा दिया गया। बिजली संकट से जनता परेशान है, नौजवान बेरोजगार घूम रहे हैं और पेपर लीक ने लाखों युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया है। समाजवादी सरकार बनने पर पेपर लीक कराने वालों को जेल भेजा जाएगा।
जिलाध्यक्ष श्री राजेश कुमार यादव ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने देश को दुनिया का सबसे मजबूत संविधान दिया, लेकिन आज उसी संविधान पर लगातार हमला किया जा रहा है। यह लड़ाई केवल सत्ता की नहीं, संविधान और लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है। सम्मेलन का संचालन विधानसभा अध्यक्ष श्री अशोक सिंह गुड्डू ने किया।