यूपी लाइव न्यूज़ 24उत्तर प्रदेश
कोंच रेलवे स्टेशन को बहु आयामी बनाने की दिशा में जो काम प्रस्तावित हैं उनके निर्माण की दिशा में तेजी आई है, खासतौर पर रेलवे मालगोदाम के निर्माण कार्य ने अपेक्षित गति पकड़ ली है। नई माल लाइन के चालू होने के बाद अब परियोजना के अगले चरण के तहत संपर्क मार्ग के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सोमवार को रेलवे की ओर से नई लाइन के किनारे प्रस्तावित सीसी सड़क के लिए नापजोख और लेवलिंग का कार्य कराया गया।
रेलवे स्टेशन के सामने मंडी परिसर की ओर विकसित किए जा रहे मालगोदाम के निर्माण के लिए विभिन्न कार्य चरणबद्ध तरीके से पूरे किए जा रहे हैं। इससे पहले मालगाड़ियों की आवाजाही के लिए बिछाई गई नई लाइन को मुख्य रेल लाइन से जोड़कर चालू किया जा चुका है। निर्माण कार्य से जुड़े इंजीनियर प्रकाश कुमार ने बताया कि कंजड़ बाबा मंदिर की ओर से नई माल लाइन के समानांतर करीब 500 मीटर लंबी और लगभग 20 फीट चौड़ी सीसी सड़क बनाई जाएगी। इसके साथ माल की लोडिंग और अनलोडिंग के लिए प्लेटफॉर्म भी तैयार किया जाएगा। ठेकेदार सौरभ साहू ने बताया कि फिलहाल सड़क निर्माण से पहले भूमि की लेवलिंग और अन्य तकनीकी तैयारियां की जा रही हैं।