यूपी लाइव न्यूज़ 24उत्तर प्रदेश
– जोन-2 और जोन-3 में अतिक्रमण हटाने के साथ प्रतिबंधित प्लास्टिक, गंदगी और सफाई व्यवस्था पर हुई सख्त कार्रवाई
लखनऊ। नगर निगम लखनऊ ने शहर में लगातार बढ़ते अतिक्रमण और यातायात अवरोधों को गंभीरता से लेते हुए बुधवार को व्यापक अभियान चलाया। नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के तहत विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने, सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने, प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग पर कार्रवाई तथा गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ जुर्माना लगाया गया।
*जोन-2 में सफाई अभियान के साथ प्लास्टिक और गंदगी पर कार्रवाई, चारबाग में गंदगी फैलाने और प्रतिबंधित प्लास्टिक पर ₹45,000 का जुर्माना*
जोन-2 में जोनल अधिकारी श्री मनोज कुमार यादव के नेतृत्व में जोनल सेनेटरी अधिकारी श्री राम सकल यादव, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री राजेश कुमार कुशवाहा और श्री देवेन्द्र कुमार वर्मा की टीम ने ऐशबाग रोड, गौरिया मठ, अंबेडकर स्मृति केंद्र ऐशबाग, सी-ब्लॉक राजाजीपुरम और अली तरंग क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान नालियों की सफाई, सड़कों की सफाई, कूड़ा उठान और एंटी-लार्वा छिड़काव कराया गया। 296 टीम के साथ चारबाग क्षेत्र में अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध 2 चालान कर ₹20,000 का जुर्माना वसूला गया। वहीं प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग के विरुद्ध 3 चालान कर ₹25,000 का शमन शुल्क वसूला गया।
*जोन-3 में 40 से अधिक अवैध अतिक्रमण हटाए गए*
जोन-3 में जोनल अधिकारी श्री अजीत राय के निर्देशन में टेढ़ी पुलिया से सरगम अपार्टमेंट तथा कुर्सी रोड के पहरपुर चौराहे से गुडंबा तक सर्विस लेन पर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान 40 से 50 अवैध दुकानें हटाई गईं, जबकि 2 ठेले, 2 ठिलिया और 1 गुमटी समेत अन्य सामान जब्त किया गया।
अभियान के दौरान अवैध अतिक्रमण करने वालों से ₹3,500 का जुर्माना वसूला गया, जबकि प्रतिबंधित पॉलीथीन के विरुद्ध ₹15,000 का चालान किया गया। नगर निगम ने दोबारा अवैध कब्जा और अतिक्रमण न हो, इसके लिए संबंधित क्षेत्रीय पुलिस विभाग को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।