नगर आयुक्त ने विकास कार्यों का किया निरीक्षण, कॉलेज, गौशाला और डंपिंग स्थल पर दिए आवश्यक निर्देश

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज़ 24उत्तर प्रदेश

– अटल बिहारी वाजपेयी नगर निगम डिग्री कॉलेज में निर्माण व मरम्मत कार्यों की समीक्षा, मनोरथा गौशाला का कार्य तेज करने के निर्देश

लखनऊ। नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने बुधवार को शहर में संचालित विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखते हुए समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

नगर आयुक्त ने सबसे पहले कमता स्थित अटल बिहारी वाजपेयी नगर निगम डिग्री कॉलेज का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कॉलेज परिसर में निर्माणाधीन मल्टीपरपज हॉल, नए क्लासरूम, कार्यालय भवन तथा परिसर में चल रहे मरम्मत कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के समय मुख्य अभियंता (सिविल) श्री महेश वर्मा, पर्यावरण अभियंता श्री संजीव प्रधान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। नगर आयुक्त ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

*निर्माणाधीन मनोरथा गौशाला का भी किया निरीक्षण*
इसके बाद नगर आयुक्त ने जोन-7 स्थित निर्माणाधीन मनोरथा गौशाला का निरीक्षण किया। उन्होंने गौशाला के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य में तेजी लाने के कड़े निर्देश दिए, ताकि परियोजना निर्धारित समय में पूर्ण हो सके। इस अवसर पर मुख्य अभियंता (सिविल) श्री महेश वर्मा, अधिशासी अभियंता जोन-7 श्री संजय पाण्डेय, अन्य अधिकारी एवं ठेकेदार उपस्थित रहे।

*ओपन डंपिंग खत्म करने के निर्देश*
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त देवा रोड स्थित नौबस्ता कला क्षेत्र पहुंचे, जहां खुले में कूड़ा डंप किए जाने की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने लखनऊ स्वच्छता अभियान (एलएसए) के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जहां भी ओपन डंपिंग की जा रही है उसे खत्म कर ट्रांसफर स्टेशन भेजा जाए। साथ ही संपत्ति विभाग को जमीन की पैमाइश कर लैंड को कवर कराने के निर्देश अधिशासी अभियंता को दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *