यूपी लाइव न्यूज़ 24उत्तर प्रदेश
पूंजीगत निवेश, उद्योग और जनकल्याण का संतुलित मॉडल प्रस्तुत करता है अनुपूरक बजट : डॉ. राजेश्वर सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना का जताया आभार
सरोजनी नगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रस्तुत वर्ष 2026–27 के ₹59,019.54 करोड़ के अनुपूरक बजट का स्वागत करते हुए इसे “विकसित उत्तर प्रदेश की दिशा में नई गति देने वाला दूरदर्शी एवं विकासोन्मुख बजट” बताया। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व तथा प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना द्वारा प्रस्तुत इस बजट को विकास, निवेश, अधोसंरचना और जनकल्याण के संतुलित समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
डॉ. सिंह ने कहा कि अनुपूरक बजट का सबसे महत्वपूर्ण पक्ष यह है कि इसमें ₹41,620 करोड़ अर्थात लगभग 70.5 प्रतिशत राशि पूंजीगत व्यय के लिए निर्धारित की गई है। यह केवल सरकारी खर्च नहीं, बल्कि भविष्य की आर्थिक शक्ति का निर्माण है। सड़क, ऊर्जा, औद्योगिक आधारभूत संरचना और अन्य स्थायी परिसंपत्तियों में यह निवेश आने वाले वर्षों में रोजगार सृजन, औद्योगिक विकास और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने का कार्य करेगा।
उन्होंने कहा कि उद्योग एवं निवेश क्षेत्र के लिए ₹22,209 करोड़ का प्रावधान उत्तर प्रदेश को देश का सबसे आकर्षक निवेश एवं विनिर्माण केंद्र बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। यह निवेश औद्योगिक कॉरिडोर, नई औद्योगिक इकाइयों, निर्यात वृद्धि और लाखों रोजगार के नए अवसर सृजित करेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आज निवेशकों की पहली पसंद बन चुका है और यह बजट उस विश्वास को और मजबूत करेगा।
डॉ. सिंह ने कहा कि एक्सप्रेसवे एवं कनेक्टिविटी के लिए ₹15,690 करोड़ का निवेश केवल सड़क निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह किसानों, व्यापारियों, उद्योगों और पर्यटन क्षेत्र के लिए नई संभावनाओं का द्वार खोलेगा। बेहतर संपर्क व्यवस्था से परिवहन लागत कम होगी, निवेश बढ़ेगा और प्रदेश की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
उन्होंने ऊर्जा क्षेत्र के लिए लगभग ₹7,422 करोड़ के अतिरिक्त प्रावधान का स्वागत करते हुए कहा कि विश्वसनीय और गुणवत्तापूर्ण बिजली किसी भी विकसित अर्थव्यवस्था की मूल आवश्यकता है। यह निवेश उद्योगों, किसानों और आम नागरिकों को बेहतर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ-साथ औद्योगिक विस्तार को भी गति देगा।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि यह बजट केवल आर्थिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि समावेशी विकास की भावना को भी समान महत्व देता है। ग्रामीण विकास के लिए ₹14,266 करोड़, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण के लिए ₹1,925 करोड़, समाज कल्याण के लिए ₹1,655 करोड़, महिला एवं बाल विकास के लिए ₹911 करोड़ तथा आपदा राहत के लिए ₹739 करोड़ का अतिरिक्त प्रावधान यह दर्शाता है कि प्रदेश सरकार विकास और जनकल्याण को साथ लेकर चल रही है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आज सुशासन, वित्तीय अनुशासन, आधारभूत संरचना, निवेश और जनकल्याण के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। वहीं वित्त मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना ने एक बार फिर यह सिद्ध किया है कि मजबूत वित्तीय प्रबंधन और दूरदर्शी बजट नीति के माध्यम से विकास और सामाजिक न्याय दोनों को समान गति दी जा सकती है।
डॉ. सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि यह अनुपूरक बजट उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा प्रदान करेगा, निवेश और रोजगार के अवसरों का विस्तार करेगा तथा विकसित भारत के निर्माण में उत्तर प्रदेश की भूमिका को और अधिक सशक्त बनाएगा।