यूपी लाइव न्यूज़ 24 लखनऊ
– महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के साथ सुनीं जनसमस्याएं
– सर्वाधिक 126 शिकायतें कर विभाग से संबंधित, शेष शिकायतों का जांच के बाद किया जाएगा निस्तारण
लखनऊ। नगर निगम लखनऊ में शुक्रवार, 07 अगस्त 2026 को मा० महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी की अध्यक्षता में ‘संपूर्ण समाधान दिवस’ का आयोजन किया गया। महापौर ने नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार जी के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों को सुना। इस दौरान नगर निगम के सभी आठ जोनों से विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 214 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें कर विभाग से संबंधित 45 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि अन्य शिकायतों का जांच एवं आवश्यक कार्यवाही के बाद निस्तारण किया जाएगा।
*कर विभाग की 126 शिकायतें*
संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त कुल 214 शिकायतों में सर्वाधिक 126 शिकायतें कर विभाग से संबंधित रहीं। इनमें से 45 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर संबंधित नागरिकों को राहत प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त अभियंत्रण एवं जल निकासी विभाग की 54, जल विभाग की 24, सफाई से संबंधित 4, उद्यान विभाग की 4 तथा मार्ग प्रकाश से संबंधित 2 शिकायतें प्राप्त हुईं।
*शेष शिकायतों की जांच कर होगा निस्तारण*
महापौर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन शिकायतों का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका है, उनकी तत्काल जांच कर नियमानुसार एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। संबंधित विभागों एवं जोनल अधिकारियों को शिकायतों पर की गई कार्यवाही की नियमित समीक्षा करने के भी निर्देश दिए गए, ताकि नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार नगर निगम कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
*जोन-1 से सर्वाधिक 53 शिकायतें*
जोनवार आंकड़ों के अनुसार जोन-1 से सर्वाधिक 53 शिकायतें प्राप्त हुईं। इसके बाद जोन-6 से 32, जोन-3 से 31, जोन-4 एवं जोन-7 से 27-27, जोन-8 से 21, जोन-5 से 12 तथा जोन-2 से 11 शिकायतें प्राप्त हुईं। जोन-1 में प्राप्त कुल 53 शिकायतों में 43 शिकायतें अकेले कर विभाग से संबंधित रहीं।
*अभियंत्रण एवं जल निकासी से जुड़ी 54 शिकायतें*
अभियंत्रण एवं जल निकासी विभाग से संबंधित कुल 54 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें जोन-8 से सर्वाधिक 11, जोन-4 से 10, जोन-3 से 9 और जोन-6 से 8 शिकायतें रहीं। वहीं जल विभाग से संबंधित कुल 24 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें जोन-6 से सर्वाधिक 8 शिकायतें दर्ज की गईं।
*जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता: महापौर*
मा० महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना नगर निगम की प्राथमिकता है। संपूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य नागरिकों को एक ही मंच पर संबंधित अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रखने और उनका समयबद्ध समाधान प्राप्त करने की सुविधा देना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जांच के बाद गुणवत्तापूर्ण एवं स्थायी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
*सभी जोनों के अधिकारी रहे उपस्थित*
इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त श्री अभिनव रंजन श्रीवास्तव जी, श्री अरुण कुमार गुप्त जी एवं डॉ. अरविंद कुमार राव जी, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी श्री विनय राय, जीएम जलकल श्री कुलदीप सिंह, समस्त जोनल अधिकारी, अभियंतागण सहित सभी जोनों के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।