यूपी लाइव न्यूज़ 24 लखनऊ
– जोन-4 के निशातगंज, वास्तु खंड, ग्वारी और तखवा गांव में चला विशेष अभियान, सड़कों पर पशु बांधकर किए गए अतिक्रमण को भी हटाया
लखनऊ। नगर निगम लखनऊ ने अवैध डेयरियों और सार्वजनिक मार्गों पर पशु बांधकर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। शुक्रवार, 07 अगस्त 2026 को जोन-4 के विभिन्न क्षेत्रों में भारी विरोध और हंगामे के बीच विशेष अभियान चलाकर अवैध डेयरियों पर कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल 34 पशुओं को पकड़कर आलमबाग कांजी हाउस में निरुद्ध कराया गया।
*पशु कल्याण अधिकारी के निर्देश पर चला संयुक्त अभियान*
पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा के निर्देश पर नगर निगम के प्रवर्तन दल और कैटिल कैचिंग दस्ते ने संयुक्त रूप से जोन-4 क्षेत्र में अभियान चलाया। इस दौरान निशातगंज, वास्तु खंड, ग्वारी और तखवा गांव में संचालित अवैध दूध डेयरियों के साथ ही सार्वजनिक सड़कों और मार्गों पर बांधे गए पशुओं के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
*निशातगंज में टीम को देख पशुओं को बंद कर लगाया ताला*
निशातगंज की छठी लेन में नगर निगम की टीम पहुंचते ही डेरी संचालकों ने कार्रवाई से बचने के लिए पशुओं को एक स्थान पर बंद कर बाहर से ताला लगा दिया। नगर निगम की टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए ताला खुलवाने का प्रयास किया। सहयोग न मिलने पर ताला तोड़कर अंदर बंद पशुओं को बाहर निकाला गया और उन्हें जब्त कर लिया गया। कार्रवाई के दौरान स्थानीय स्तर पर विरोध और हंगामा भी हुआ, लेकिन नगर निगम की टीम ने अभियान जारी रखा।
*तखवा गांव में सड़कों पर अतिक्रमण कर किया जा रहा था पशुपालन*
तखवा गांव में भी सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण कर पशुपालन और डेरी संचालन किए जाने का मामला सामने आया। पशुओं को सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर बांधे जाने से आवागमन प्रभावित हो रहा था। नगर निगम की टीम ने मौके पर अवैध रूप से किए गए पशुपालन को बंद कराया और संबंधित पशुओं को जब्त कर सार्वजनिक मार्ग को अतिक्रमण से मुक्त कराया।
*24 गाय और सात भैंस समेत कुल 34 पशु पकड़े गए*
विशेष अभियान के दौरान नगर निगम की टीम ने 24 गाय, दो बछिया, एक बछड़ा और सात भैंस समेत कुल 34 पशुओं को पकड़ा। सभी जब्त पशुओं को नगर निगम के आलमबाग कांजी हाउस में निरुद्ध कराया गया। अभियान के दौरान प्रवर्तन दल और कैटिल कैचिंग दस्ते ने संयुक्त रूप से कार्रवाई को अंजाम दिया।
*नियम से गाय पालने वालों को नहीं होगी परेशानी: डॉ. अभिनव वर्मा*
पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा ने स्पष्ट किया कि नगर निगम की कार्रवाई का उद्देश्य नियमों का पालन करते हुए गाय अथवा अन्य पशु पालने वाले लोगों को परेशान करना नहीं है। नियमों के अनुरूप पशुपालन करने वालों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। कार्रवाई केवल अवैध डेरी संचालन, सार्वजनिक मार्गों पर पशुओं को बांधने और अतिक्रमण कर व्यावसायिक रूप से पशुपालन करने वालों के विरुद्ध की जा रही है।