अतिक्रमण, गंदगी और प्रतिबंधित पॉलीथीन के खिलाफ नगर निगम का बड़ा अभियान, ₹1.11 लाख से अधिक जुर्माना

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज़ 24 लखनऊ

– बादशाह नगर से अकबर नगर तक हटाया अतिक्रमण, मटियारी-देवा रोड और बंगला बाजार-तेलीबाग क्षेत्र में प्रतिबंधित पॉलीथीन पर कार्रवाई

लखनऊ। नगर निगम लखनऊ ने शहर में अतिक्रमण, यातायात अवरोध, गंदगी और प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ शुक्रवार को विभिन्न क्षेत्रों में सघन अभियान चलाया। नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के आदेश पर नगर निगम की टीमों ने जोन-3, जोन-7 सहित अन्य क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया और गंदगी व प्रतिबंधित पॉलीथीन का प्रयोग करने वालों पर कुल ₹1,11,500 का जुर्माना लगाया। अभियान के दौरान 10.5 किलोग्राम प्रतिबंधित पॉलीथीन भी जब्त की गई।

*बादशाह नगर से अकबर नगर तक हटाया अतिक्रमण*
जोन-3 में जोनल अधिकारी श्री अजीत राय के निर्देशन में बादशाह नगर स्टेशन से अकबर नगर कॉलोनी तक अवैध अतिक्रमण और गंदगी के खिलाफ अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान सड़क व सार्वजनिक स्थानों पर खड़ी करीब 20 से 25 गाड़ियों को हटवाया गया। इसके साथ ही प्रतिबंधित पॉलीथीन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ₹15,000 का जुर्माना वसूला गया।

नगर निगम ने हटाए गए अतिक्रमण वाले स्थानों पर दोबारा अवैध कब्जा न होने देने के लिए भी कार्रवाई शुरू कर दी है। क्षेत्र में पुनः अवैध अस्थायी कब्जा एवं अतिक्रमण रोकने के लिए क्षेत्रीय पुलिस विभाग को पत्र भेजा गया है। नगर निगम की ओर से स्पष्ट किया गया कि अतिक्रमण हटाए जाने के बाद दोबारा कब्जा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

*मटियारी चौराहे से देवा रोड तक चला विशेष अभियान, अभियान के दौरान कुल ₹78,000 जुर्माना वसूला*
जोन-7 में जोनल अधिकारी श्री विकास सिंह के नेतृत्व में मटियारी चौराहे से देवा रोड तक प्रतिबंधित पॉलीथीन और गंदगी के खिलाफ अभियान चलाया गया। इस दौरान प्रतिबंधित सिंगल यूज पॉलीथीन का प्रयोग करने वालों पर ₹38,000 का जुर्माना लगाया गया और करीब 8.5 किलोग्राम पॉलीथीन जब्त की गई। वहीं सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी करने वालों के खिलाफ ₹40,000 का जुर्माना लगाया गया। इस प्रकार जोन-7 में एक ही अभियान के दौरान कुल ₹78,000 का अर्थदंड लगाया गया।

अभियान के दौरान संबंधित दुकानदारों एवं अन्य लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया गया। नगर निगम की टीम ने चेतावनी दी कि भविष्य में प्रतिबंधित पॉलीथीन का प्रयोग अथवा सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी करते पाए जाने पर और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अभियान में सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री बृजेश प्रजापति, श्री रूपेन्द्र भास्कर एवं श्रीमती संचिता मिश्रा उपस्थित रहीं।

*बंगला बाजार और तेलीबाग-पीजीआई रोड पर 27 से अधिक प्रतिष्ठानों की जांच, वसूला ₹18,500 का जुर्माना*
जोन 8 में उत्तर प्रदेश प्लास्टिक और अन्य जीव अनाशित कूड़ा-कचरा अधिनियम के प्रावधानों के अनुपालन में बंगला बाजार तथा तेलीबाग से पीजीआई रोड तक भी अभियान चलाया गया। नगर निगम की टीम ने 27 से अधिक दुकानों एवं प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर प्रतिबंधित प्लास्टिक, पॉलीथीन, कैरीबैग, डिस्पोजल और थर्माकोल से बने उत्पादों के प्रयोग, बिक्री एवं भंडारण की जांच की।

निरीक्षण के दौरान गंदगी पाए जाने पर संबंधित लोगों से ₹8,500 और प्रतिबंधित प्लास्टिक व पॉलीथीन पाए जाने पर ₹10,000 का अर्थदंड वसूला गया। इस दौरान करीब 2 किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त किया गया। अभियान में कुल ₹18,500 की धनराशि नगर निगम कोष में जमा कराई गई।

बंगला बाजार और तेलीबाग-पीजीआई रोड पर चलाए गए अभियान में जोनल सेनेटरी अधिकारी श्री जितेन्द्र कुमार गांधी, मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री मो. नईम, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री वीरभद्र सिंह, श्री सत्येन्द्रनाथ, श्रीमती मीरा राय सहित प्रवर्तन दल एवं 296 टीम के सदस्य मौजूद रहे।

*एक दिन में ₹1,11,500 का जुर्माना, 10.5 किलो पॉलीथीन जब्त*
शुक्रवार को चलाए गए विभिन्न अभियानों में नगर निगम ने जोन-3 में ₹15,000, जोन-7 में ₹78,000 तथा बंगला बाजार-तेलीबाग क्षेत्र में ₹18,500, यानी कुल ₹1,11,500 का जुर्माना लगाया। इसके साथ ही अलग-अलग क्षेत्रों से कुल 10.5 किलोग्राम प्रतिबंधित पॉलीथीन एवं प्लास्टिक जब्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *