अवैध डेयरियों और आवारा पशुओं के खिलाफ नगर निगम का अभियान, 37 पशु पकड़े

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश

– जोन-03 के विज्ञानपुरी, महानगर, फैजुल्लागंज और घोषियाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई, ऐशबाग कांजी हाउस में निरुद्ध कराए गए पशु

लखनऊ। नगर निगम लखनऊ द्वारा शहर में अवैध रूप से संचालित दूध डेयरियों तथा सार्वजनिक स्थानों पर घूमने वाले आवारा पशुओं के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार, 08 अगस्त 2026 को जोन-03 क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में विशेष अभियान चलाया गया।

*प्रवर्तन दल और कैटिल कैचिंग दस्ते ने की संयुक्त कार्रवाई*
पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा के नेतृत्व में नगर निगम के प्रवर्तन दल एवं कैटिल कैचिंग दस्ते ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। अभियान के दौरान विज्ञानपुरी, महानगर, फैजुल्लागंज, घोषियाना सहित आसपास के क्षेत्रों में अवैध दूध डेयरियों एवं आवारा पशुओं के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

*37 पशुओं को पकड़कर ऐशबाग कांजी हाउस भेजा*
अभियान के दौरान नगर निगम की टीम ने कुल 37 पशुओं को पकड़कर ऐशबाग कांजी हाउस में निरुद्ध कराया। इनमें 27 गाय, 01 बछड़ा और 09 भैंस शामिल हैं।

*अवैध डेयरियों के खिलाफ कार्रवाई रहेगी जारी*
डॉ. अभिनव वर्मा ने स्पष्ट किया कि शहर में अवैध रूप से संचालित दूध डेयरियों तथा सार्वजनिक मार्गों एवं स्थानों पर पशुओं को खुला छोड़ने या बांधने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। आमजन की सुविधा, यातायात व्यवस्था और शहर की स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *