यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश
– 1200 मीटर क्षेत्र में हुई व्यापक सफाई, नालों की सफाई और पेड़ों की छंटाई के साथ ‘एक पेड़ माँ के नाम’ के तहत हुआ पौधारोपण
लखनऊ। नगर निगम लखनऊ की ओर से शहर में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से जोन-1 के महात्मा गांधी-विक्रमादित्य वार्ड स्थित हैवलक रोड पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। क्षेत्रीय पार्षद श्री अमित चौधरी जी के नेतृत्व में करीब 1200 मीटर क्षेत्र में चलाए गए इस अभियान में नगर निगम की टीमों ने व्यापक स्तर पर सफाई कार्य किए।
*सड़क और नालों की कराई गई सफाई*
अभियान के दौरान हैवलक रोड के दोनों ओर सफाई कराई गई। सड़क किनारे उगी जंगली घास को हटाने के साथ नालियों की सफाई तथा आवागमन में बाधा बन रही पेड़ों की डालियों की छंटाई कराई गई। नगर निगम की टीमों ने अभियान के दौरान चिन्हित स्थानों पर आवश्यक सफाई कार्य कर क्षेत्र को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने का कार्य किया।
क्षेत्रीय पार्षद श्री अमित चौधरी जी ने मौके पर मौजूद रहकर अभियान का निरीक्षण किया और नगर निगम के संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ समन्वय कर सफाई कार्यों को प्रभावी ढंग से पूरा कराया।
*स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर*
नगर निगम की ओर से चलाए गए अभियान के दौरान ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया गया। अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। इसके माध्यम से स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया गया।
*नगर निगम की टीम के साथ विभिन्न संस्थाओं ने किया श्रमदान*
अभियान में जोनल अधिकारी जोन 1 श्री ओम प्रकाश जी, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री संजीव कुमार जी, लखनऊ स्वच्छता अभियान के क्षेत्रीय निदेशक श्री अभय रंजन जी सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। इसके अलावा लखनऊ स्वच्छता अभियान, सुदीक्षा फाउंडेशन के सदस्यों एवं स्थानीय नागरिकों ने भी श्रमदान कर अभियान में सहभागिता की।