यूपी लाइव न्यूज़ 24 लखनऊ
वाइब्रेंट अलीगढ़ के तहत समन्वय,सहयोग एवं संवाद कार्यक्रम में शहर के विकास व स्वच्छता व भविष्य की योजनाओं को लेकर हुआ मंथन
*अलीगढ़*।महानगर को स्वच्छ सुंदर सुव्यवस्थित, विकसित एवं अतिक्रमण मुक्त शहर बनाने के उद्देश्य से महापौर प्रशान्त सिंघल व नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा की पहल पर अलीगढ़ में पहली दफा नगर निगम अलीगढ़ द्वारा वाइब्रेंट अलीगढ़ के अंतर्गत एक होटल में “समन्वय,सहयोग एवं संवाद कार्यक्रम” का भव्य आयोजन किया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर प्रशांत सिंघल एवं नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने संयुक्त रूप से की।कार्यक्रम में शहर के प्रमुख व्यापारी संगठनों के पदाधिकारी उद्योगपति,शिक्षाविद सामाजिक संगठन,चिकित्सक, अधिवक्ता,चार्टर्ड अकाउंटेंट,विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं शहर के गणमान्य नागरिक व पार्षद बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और सभी ने अलीगढ़ के समग्र विकास स्वच्छता यातायात व्यवस्था पर्यावरण संरक्षण अतिक्रमण मुक्ति,पार्कों के विकास जल संरक्षण जलनिकासी सौंदर्यीकरण एवं नागरिक सुविधाओं के विस्तार को लेकर अपने अपने महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए।कार्यक्रम का शुभारंभ नगर निगम की ओर से “वाइब्रेंट अलीगढ़” पर आधारित शार्ट फ़िल्म के प्रस्तुतीकरण के साथ हुआ जिसमें शहर के वर्तमान विकास कार्यों,प्रस्तावित परियोजनाओं तथा नागरिक सहभागिता की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि वाइब्रेंट अलीगढ़ की दिशा में नगर निगम द्वारा किये जा रहे प्रयासों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा अलीगढ़ को देश के अग्रणी नगरों की श्रेणी में स्थापित करने के लिए केवल नगर निगम के प्रयास पर्याप्त नहीं हैं बल्कि प्रत्येक नागरिक,व्यापारी, उद्योगपति एवं सामाजिक संगठन की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल विकास कार्य कराना नहीं,बल्कि नागरिकों के साथ मिलकर एक ऐसी कार्यशैली विकसित करना है जिसमें शहर के प्रत्येक व्यक्ति को अपने नगर पर गर्व हो।नगर आयुक्त ने बताया कि शहर में एक नई परियोजना शहर के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ बड़े सांस्कृतिक,सामाजिक एवं व्यावसायिक आयोजनों के लिए आधुनिक आधारभूत संरचना प्रदान करेगी।प्रस्ताव के अनुसार यह परियोजना बरौला बाईपास रोड, फिरदौस नगर,वार्ड संख्या-59, अलीगढ़ में विकसित की जाएगी। इसकी अनुमानित विकास लागत 60 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है।इस परियोजना का उद्देश्य खेलों को बढ़ावा देने के साथ-साथ नगर निगम के लिए दीर्घकालिक राजस्व सृजन का एक नया स्रोत विकसित करना भी है।प्रस्तावित परिसर में 400 मीटर डबल लेन एथलेटिक्स ट्रैक,अंतरराष्ट्रीय मानकों का आउटडोर स्टेडियम,आधुनिक दर्शक दीर्घाएं,अत्याधुनिक कन्वेंशन सेंटर, बहुउद्देश्यीय हॉल,वीआईपी लाउंज, ग्रीन रूम,कंट्रोल रूम,प्रशासनिक कार्यालय,खेल प्रबंधन कार्यालय, कैफेटेरिया,रिटेल कियोस्क, खिलाड़ियों के प्रतीक्षालय,विश्राम कक्ष तथा अन्य व्यावसायिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके अलावा 45 करोड़ की लागत से क्वारसी क्षेत्र में अलीगढ़ इंटीग्रेटेड एडुटेनमेंट, इनोवेशन एंड अर्बन ग्रीन हब विकसित किया जाएगा।बैठक में स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन के अंतर्गत शहर को “जीरो वेस्ट सिटी” बनाने,घर-घर कूड़ा पृथक्करण, सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर प्रभावी रोक,व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर स्वच्छता मानकों के पालन एवं जनजागरूकता अभियान चलाने के सुझाव प्राप्त हुए।अतिक्रमण मुक्ति एवं यातायात व्यवस्था पर व्यापारिक संगठनों ने सुझाव दिया कि बाजारों में चरणबद्ध एवं पूर्व सूचना के साथ अतिक्रमण हटाया जाए,पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए तथा फुटपाथों को आम नागरिकों के उपयोग हेतु सुरक्षित रखा जाए।व्यापारियों ने नगर निगम के साथ समन्वय स्थापित कर अभियान चलाने का आश्वासन भी दिया।वहीं दूसरी तरफ सौंदर्यीकरण एवं प्रेरणा स्थलों के संबंध में शहर के प्रमुख चौराहों,पार्कों,ऐतिहासिक स्थलों,प्रवेश द्वारों एवं सार्वजनिक स्थलों का आकर्षक विकास,हरित बेल्ट का विस्तार तथा आधुनिक प्रकाश व्यवस्था विकसित करने के सुझाव दिए गए।पर्यावरण एवं जल संरक्षण विषय पर वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने वृक्षारोपण,तालाबों के संरक्षण,भूजल स्तर सुधारने तथा औद्योगिक क्षेत्रों में पर्यावरणीय मानकों के पालन पर विशेष बल दिया गया।उद्योगपतियों ने सुझाव दिया कि नगर निगम एवं उद्योग जगत के बीच नियमित संवाद स्थापित किया जाए ताकि औद्योगिक विकास और शहरी विकास एक-दूसरे के पूरक बन सकें साथ ही उन्होंने कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी के माध्यम से शहर के सौंदर्यीकरण,पार्क विकास, पौधारोपण एवं सार्वजनिक सुविधाओं में सहयोग देने की भी इच्छा व्यक्त की।कार्यक्रम में व्यापारी संगठनों ने बाजारों में स्वच्छता बनाए रखने,अतिक्रमण रोकने,पार्किंग व्यवस्था सुधारने एवं नगर निगम के जनहित अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आश्वासन दिया।बैठक में महापौर व नगर आयुक्त ने नागरिकों द्वारा दिए गए सभी सुझावों का संकलन करते हुए उन्हें आगामी कार्ययोजना में सम्मिलित करने का आश्वासन दिया गया।महापौर प्रशांत सिंघल ने कहा वाइब्रेंट अलीगढ़ केवल एक अभियान नहीं बल्कि शहर के उज्ज्वल भविष्य का संकल्प है अलीगढ़ के विकास की दिशा नागरिक स्वयं तय करें और नगर निगम उस दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करे।स्वच्छ,सुंदर, सुरक्षित एवं अतिक्रमण मुक्त अलीगढ़ का निर्माण तभी संभव है जब प्रत्येक नागरिक इसे अपना अभियान समझकर सहभागी बने। व्यापारियों,उद्योगपतियों एवं समाज के सभी वर्गों द्वारा दिए गए सुझाव निश्चित रूप से नगर निगम की विकास योजनाओं को नई दिशा देंगे।कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने अलीगढ़ को स्वच्छ, सुंदर,विकसित,हरित एवं अतिक्रमण मुक्त महानगर बनाने के लिए नगर निगम के साथ निरंतर सहयोग देने का संकल्प लिया।नगर आयुक्त द्वारा सभी उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे संवाद कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की घोषणा की गई जिससे जनसहभागिता के माध्यम से शहर के विकास को नई गति मिल सके।कार्यक्रम में अपर नगर आयुक्त राकेश कुमार यादव,राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक गोविंद जी,मानव महाजन,पंकज धीरज,विवेक बगाई,रामबाबू माहेश्वरी,डॉ.भरत कुमार वार्ष्णेय, संजीव कुमार,यतेन्द्र वार्ष्णेय,एमए. खान,अनिल सारस्वत,कृष्णा गुप्ता, विष्णु कुमार बंटी,प्रदीप गंगा,शैलेन्द्र टिल्लू,राजीव जैन,दिनेश कुमार अग्रवाल एडवोकेट,प्रवीण अग्रवाल, अर्जुन गुप्ता और मोनू अग्रवाल समेत अनेक व्यापारी बंधु के साथ साथ समस्त पार्षद,अधिकारी और कर्मचारी गण मुख्य रूप से उपस्थित रहे।