यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश
– विभिन्न जोनों में कार्रवाई, ठेले, गुमटी, काउंटर समेत सामान जब्त
लखनऊ। नगर निगम लखनऊ ने शहर में बढ़ते अस्थायी अतिक्रमण, गंदगी और प्रतिबंधित पॉलीथीन के इस्तेमाल पर प्रभावी रोक लगाने के लिए मंगलवार को विभिन्न जोनों में सघन अभियान चलाया। यह कार्रवाई नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर की गई। अभियान के दौरान अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ गंदगी फैलाने और सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग करने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई तथा लोगों को स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक भी किया गया।
*जोन-1 में ₹50 हजार का जुर्माना वसूला*
जोन-1 में जोनल अधिकारी श्री ओपी सिंह के नेतृत्व में बलरामपुर अस्पताल से चारबत्ती चौराहा होते हुए कैसरबाग बस स्टेशन तक अभियान चलाया गया। इस दौरान गंदगी फैलाने वालों, सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग करने वालों और अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान ₹50,000 का जुर्माना वसूला गया। कार्रवाई में जोनल सेनेटरी ऑफिसर श्री कुलदीपक, एसएफआई श्री सुनील वर्मा एवं प्रवर्तन दल (ईटीएफ) की टीम मौजूद रही।
*जोन-3 में 23 चालान, ₹56 हजार का अर्थदंड*
जोन-3 में जोनल अधिकारी श्री अजीत राय के निर्देशन में संगम तिराहा, आईकॉन अस्पताल के आसपास तथा वर्मा पेट्रोल पंप के निकट रिंग रोड क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया। गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ 15 चालान कर ₹26,000 तथा प्रतिबंधित पॉलीथीन मिलने पर 8 चालान कर ₹30,000 का अर्थदंड वसूला गया। इस प्रकार कुल 23 चालानों के माध्यम से ₹56,000 की धनराशि नगर निगम कोष में जमा कराई गई। अभियान में सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री पुष्कर सिंह पटेल, श्रीमती अधूलिका, श्री प्रमोद कुमार गौतम, श्री सुमित मिश्रा सहित 296 टीम, प्रवर्तन दल (ईटीएफ) एवं क्षेत्रीय सुपरवाइजर की संयुक्त टीम मौजूद रही।
*जोन-5 में अस्थायी अतिक्रमण हटाया, सामान जब्त, वसूला 07 हजार का जुर्माना*
जोन-5 क्षेत्र में होमगार्ड चौराहे से कैलाशपुरी मोड़, मेट्रो आवास के सामने तक अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया। यहां मीट, मुर्गा और मछली की दुकानों सहित अन्य अस्थायी अवैध अतिक्रमण हटाए गए। कार्रवाई के दौरान 5 ठेले, 1 गुमटी और 3 काउंटर हटाए गए। इसके अलावा लोहे की जाली, मेज, काउंटर, तराजू, प्लास्टिक के ड्रम, क्रेट, लोहे की भट्टी, हसिया और कुर्सी समेत अन्य सामान जब्त किया गया। अतिक्रमणकारियों को दोबारा अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी गई।
जोन-5 के अभियान के दौरान गंदगी फैलाने और पॉलीथीन के इस्तेमाल के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। इस दौरान ₹7,000 का शमन शुल्क वसूला गया। अभियान जोनल अधिकारी श्री विनीत कुमार सिंह के नेतृत्व में कर अधीक्षक श्री सभाजीत सिंह, जोनल सेनेटरी अधिकारी श्री सचिन सक्सेना, राजस्व निरीक्षक श्री धीरेन्द्र प्रताप सिंह, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री सुभाष चौधरी, प्रवर्तन दल (296) और पुलिस बल की मौजूदगी में चलाया गया।
*जोन-8 में 25 से अधिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण*
जोन-8 में जोनल सेनेटरी ऑफिसर श्री जितेंद्र गांधी के नेतृत्व में आशियाना पावर हाउस से बरिगवां रोड तक गंदगी और प्रतिबंधित प्लास्टिक, पॉलीथीन, कैरीबैग, डिस्पोजल तथा थर्माकोल से बने सामान के प्रयोग, परिवहन, बिक्री एवं भंडारण के खिलाफ अभियान चलाया गया। प्रवर्तन दल (296) द्वारा अतिक्रमण भी हटाया गया। इस दौरान 25 से अधिक दुकानों और प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। गंदगी मिलने पर ₹11,500 और प्रतिबंधित प्लास्टिक मिलने पर ₹2,000 का अर्थदंड लगाया गया। करीब 500 ग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त की गई तथा कुल ₹13,500 नगर निगम कोष में जमा कराए गए।
*औरंगाबाद जागीर में ठेले और खोपचे हटाए*
जोन-8 में अवैध अस्थायी अतिक्रमण तथा होल्डिंग, बैनर और पोस्टर के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। जोनल अधिकारी श्री आशीष सिंह के नेतृत्व में औरंगाबाद जागीर सेक्टर-पी के आसपास अभियान चलाकर ठेले और खोपचे लगाकर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान 1 स्टैंडी बोर्ड, 1 ठेला और 2 लोहे के काउंटर सहित अन्य सामान जब्त किया गया। संबंधित लोगों को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करने की सख्त हिदायत दी गई।