नगर आयुक्त ने हरिहरपुर और हसनपुर खेवली में नगर निगम की भूमि का किया निरीक्षण, फेंसिंग कराने के निर्देश

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश

– दिव्यांग पार्क का निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरा कराने के निर्देश, साहित्यिक पार्क के विकास कार्यों में तेजी लाने को कहा

लखनऊ। नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने शुक्रवार को जोन-8 क्षेत्र के हरिहरपुर और हसनपुर खेवली में नगर निगम की भूमि तथा विभिन्न विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने नगर निगम की भूमि को सुरक्षित रखने के साथ ही निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के साथ अपर नगर आयुक्त श्री पंकज श्रीवास्तव, सरोजनीनगर के एसडीएम श्री अभिषेक कुमार सिंह, संपत्ति प्रभारी श्री रिपुदमन सिंह, राजस्व विभाग की टीम तथा संबंधित क्षेत्र के लेखपाल मौजूद रहे।

*संयुक्त भूमि का निरीक्षण, चिह्नांकन और फेंसिंग के निर्देश*
हरिहरपुर में नगर निगम एवं राजस्व विभाग की संयुक्त भूमि का अधिकारियों ने स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान भूमि की वर्तमान स्थिति और उपलब्ध रकबे की जानकारी ली गई। नगर आयुक्त ने अपर नगर आयुक्त को निर्देश दिए कि नगर निगम के हिस्से की भूमि का स्पष्ट रूप से चिह्नांकन कराया जाए और उसकी सुरक्षा के लिए फेंसिंग/तार-वाड़ कराई जाए, ताकि भूमि पर किसी प्रकार का अतिक्रमण न हो सके।

इसके बाद फ्रेंड कॉलोनी के पास स्थित नगर निगम की अन्य भूमि का भी निरीक्षण किया गया। इस भूमि पर पहले से बाउंड्री वॉल का निर्माण हो चुका है। अधिकारियों ने मौके पर भूमि की वर्तमान स्थिति का जायजा लेते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

*दिव्यांग पार्क का निर्माण अंतिम चरण में*
नगर आयुक्त ने दिव्यांग पार्क में चल रहे निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया। पार्क का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पाया गया। परियोजना के शेष कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए नगर आयुक्त ने अपर नगर आयुक्त श्री पंकज श्रीवास्तव को कार्य में तेजी लाने और जल्द निर्माण कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजना से जुड़े शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि पार्क को जल्द से जल्द उपयोग के लिए तैयार किया जा सके।

*साहित्यिक पार्क के कार्यों में तेजी के निर्देश*
दिव्यांग पार्क के समीप निर्माणाधीन साहित्यिक पार्क का भी नगर आयुक्त ने निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति देखी तथा संबंधित अधिकारियों से कार्य की स्थिति की जानकारी ली। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि साहित्यिक पार्क के निर्माण कार्यों में आवश्यक तेजी लाई जाए और सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराया जाए। उन्होंने परियोजनाओं की नियमित निगरानी करते हुए कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *