फ्रेगरेंस पार्क से लखनऊ की खूबसूरती में जुड़ी नई खुशबू : राजनाथ सिंह

Spread the love

विकास ऐसा हो, जो लोगों के जीवन में महसूस हो : राजनाथ सिंह

लखनऊ। चौक क्षेत्र में शनिवार को शहरवासियों को हरियाली, सुगंध और सुकून से भरे नए सार्वजनिक स्थल की सौगात मिली। रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) और राष्ट्रीय वनस्पति अनुसंधान संस्थान (एनबीआरआइ) की ओर से विकसित फ्रेगरेंस पार्क का लोकार्पण किया। इस अवसर पर पार्क परिसर में पंजाब केसरी लाला लाजपत राय और शहीद-ए-आजम भगत सिंह की आदमकद प्रतिमाओं का अनावरण भी किया गया। साथ ही करीब 43 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया।

रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने आज लखनऊ में फ्रेगरेंस पार्क का उद्घाटन किया और कहा कि आधुनिक शहरों का निर्माण ऐसे स्थानों के विकास से होता है, जहाँ लोग प्रकृति से जुड़ सकें और बेहतर जीवन-गुणवत्ता का अनुभव कर सकें। उन्होंने कहा, “एक वास्तव में आधुनिक शहर वह है, जहाँ सुविधाओं के साथ विश्राम, मनोरंजन और प्रकृति से जुड़ाव के लिए भी स्थान हों।”
रक्षा मंत्री ने कहा कि पार्क केवल किसी शहर की सुंदरता बढ़ाने के लिए ही महत्त्वपूर्ण नहीं हैं, बल्कि वे महत्त्वपूर्ण सामाजिक अवसंरचना के रूप में भी काम करते हैं। पार्क और सार्वजनिक स्थान लोगों को एक-दूसरे के करीब लाते हैं। आज की व्यस्त जीवनशैली में ऐसे स्थान सामाजिक संबंधों को मजबूत करने में मदद करते हैं।
रक्षा मंत्री ने बताया कि इस पार्क का नाम लाला लाजपत राय जी के नाम पर रखा गया है, जबकि यहाँ शहीद-ए-आज़म भगत सिंह जी की प्रतिमा भी स्थापित की गई है। उन्होंने कहा कि यह देश की सामूहिक स्मृति को जीवित रखने और भावी पीढ़ियों को प्रेरणादायक व्यक्तित्वों से परिचित कराने का एक माध्यम है।
उन्होंने कहा कि पार्क में आने वाले बच्चे अपने माता-पिता से लाला लाजपत राय के बारे में पूछेंगे और इसी प्रक्रिया में वे महान स्वतंत्रता सेनानी के जीवन और योगदान के बारे में जानेंगे। इसी प्रकार, भगत सिंह की प्रतिमा युवाओं को उनके साहस और भारत की स्वतंत्रता के लिए किए गए बलिदान के बारे में जानने के लिए प्रेरित करेगी।
रक्षा मंत्री ने कहा कि लाला लाजपत राय और भगत सिंह अलग-अलग पीढ़ियों से थे, लेकिन दोनों राष्ट्र के प्रति समर्पण और भारत की स्वतंत्रता के साझा लक्ष्य से जुड़े हुए थे।
उन्होंने पार्क में दोनों की मौजूदगी को दो पीढ़ियों के बीच एक प्रतीकात्मक संवाद बताया। एक पीढ़ी वर्षों के संघर्ष से प्राप्त अनुभव, नेतृत्व और परिपक्वता का प्रतिनिधित्व करती है, जबकि दूसरी पीढ़ी भारत के युवाओं की ऊर्जा, साहस और निडरता को दर्शाती है।
श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि अनुभव और युवा ऊर्जा का संयोजन राष्ट्र-निर्माण के लिए समान रूप से महत्त्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि चाहे मिलेनियल्स या जेन-ज़ी, बेबी बूमर्स या जेन-एक्स हों, हर पीढ़ी की देश के विकास में महत्त्वपूर्ण भूमिका है।
श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आज भारत एक स्वतंत्र, लोकतांत्रिक और संवैधानिक गणराज्य होने के साथ-साथ एक कल्याणकारी राज्य भी है। हालाँकि, इन उपलब्धियों को बनाए रखने के लिए निरंतर प्रतिबद्धता और उत्तरदायित्व की भावना आवश्यक है।
उन्होंने उन शक्तियों के प्रति सावधान किया, जो सामाजिक विभाजनों और संकीर्ण हितों का फायदा उठाकर देश को कमजोर करने का प्रयास करती हैं। “बौद्धिक नक्सलवाद” का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसी प्रवृत्तियाँ दीमक की तरह चुपचाप काम कर सकती हैं और समाज को इनके प्रति सतर्क रहना चाहिए।
उन्होंने नागरिकों से भारत को अर्थव्यवस्था, ज्ञान और विज्ञान के क्षेत्र में विश्व में अग्रणी बनाने की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया।

चंदन का पौधा रोपा, विभाजन की त्रासदी पर लघु फिल्म प्रदर्शित

कार्यक्रम के दौरान राजनाथ सिंह ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पार्क परिसर में चंदन का पौधा रोपा। इसके बाद बटन दबाकर लाला लाजपत राय और भगत सिंह की प्रतिमाओं का अनावरण किया गया।

फ्रेगरेंस पार्क में एनबीआरआइ की ओर से विभिन्न प्रकार के सुगंधित एवं औषधीय पौधे लगाए गए हैं। इससे पार्क क्षेत्रवासियों के लिए हरित, सुगंधित और स्वास्थ्यवर्धक सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित होगा।

समारोह में भारत विभाजन की 80 वर्ष पूर्व हुई मानवीय त्रासदी पर केंद्रित लघु फिल्म का प्रसारण किया गया। इसमें विभाजन के दौरान विस्थापन और पीड़ा झेलने वाले परिवारों के संघर्ष को दर्शाया गया। इसके अलावा लखनऊ में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों पर एलडीए की ओर से तैयार लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।

इस अवसर पर रक्षा मंत्री ने विभाजन के समय पाकिस्तान से भारत आए परिवारों के सदस्यों का अभिनंदन किया। इनमें पूर्व विधायक विद्यासागर गुप्ता, पूर्व महापौर संयुक्ता भाटिया और जसवंत कौर को अंग वस्त्र पहनाकर सम्मानित किया ।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, राज्यसभा सदस्य एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, सांसद बृजलाल, संजय सेठ, उद्यान राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह,भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा, विधायक योगेश शुक्ला, ओपी श्रीवास्तव, उमेश द्विवेदी, सांसद प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी, महामंत्री घनश्याम दास अग्रवाल, टिंकू सोनकर, उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक के सभापति विवेक तोमर, मंडल अध्यक्ष दयाशंकर पांडेय, क्षेत्रीय पार्षद अनुराग मिश्रा, एनबीआरआइ के वैज्ञानिक डॉ. शरद श्रीवास्तव सहित भाजपा पदाधिकारी, पार्षद, जनप्रतिनिधि, एलडीए अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *