यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश
-2013-14 से FDI से निर्यात, कृषि से Capex तक—भारत की बढ़ती आर्थिक शक्ति के स्पष्ट प्रमाण: डॉ. राजेश्वर सिंह
लखनऊ। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने 2013-14 से अब तक भारत की आर्थिक एवं विकास यात्रा के प्रमुख आंकड़ों को रेखांकित करते हुए कहा कि आंकड़े देश की बढ़ती आर्थिक शक्ति, आत्मविश्वास और भविष्य की मजबूत नींव का स्पष्ट प्रमाण हैं।
उन्होंने कहा कि 2013-14 से अब तक FDI $36.05 अरब से बढ़कर $94.53 अरब, विदेशी मुद्रा भंडार $304.2 अरब से $729.33 अरब और कुल निर्यात $466.22 अरब से $860.09 अरब हो गया है। खाद्यान्न उत्पादन 265.05 से बढ़कर 376.56 मिलियन टन हुआ है। यात्री वाहनों की बिक्री में करीब 85% और दोपहिया वाहनों की बिक्री में लगभग 47% वृद्धि हुई है।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि इसी अवधि में केंद्र सरकार का पूंजीगत व्यय ₹2.29 लाख करोड़ से बढ़कर बजट 2026-27 में ₹12.2 लाख करोड़ हो गया है। यह केवल सरकारी खर्च नहीं, बल्कि सड़क, रेलवे, एयरपोर्ट, रक्षा-संरचना, बिजली और डिजिटल नेटवर्क जैसी भविष्य की उत्पादक क्षमता में निवेश है। इससे रोजगार सृजन, लॉजिस्टिक्स लागत में कमी और निजी निवेश को गति मिलती है।
उन्होंने कहा कि FDI में वृद्धि वैश्विक निवेशकों के भरोसे, निर्यात में विस्तार भारतीय उत्पादों की बढ़ती प्रतिस्पर्धात्मकता और खाद्यान्न उत्पादन में वृद्धि कृषि क्षेत्र की मजबूत होती क्षमता को दर्शाती है। वहीं, वाहन बिक्री में वृद्धि बढ़ती आय, आकांक्षाओं और उपभोक्ता विश्वास का संकेत है।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि चुनौतियां अभी भी हैं, लेकिन 2013-14 से अब तक के आंकड़े बताते हैं कि भारत की राष्ट्रीय क्षमता, संसाधन और आत्मविश्वास लगातार मजबूत हुए हैं। आज का निवेश आने वाले वर्षों की आय, उत्पादन और रोजगार की मजबूत नींव तैयार कर रहा है।