समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल का सपा कार्यकर्ताओं ने किया जोर दार स्वागत

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश

समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री श्यामलाल पाल का औरैया स्थित साईं मंदिर पहुंचने पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं पहनाकर तथा ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखाई दिया। उन्होंने भाजपा सरकार की जमकर आलोचना की और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनने का दावा किया।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए श्री श्यामलाल पाल ने कहा कि भाजपा सरकार में सत्ता पक्ष के लोगों तक का सम्मान नहीं हो रहा है। आम जनता अपनी समस्याओं को लेकर परेशान है और उसकी सुनवाई नहीं हो रही। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब भाजपा सरकार के कथित कुशासन से तंग आ चुकी है और बदलाव चाहती है। आगामी विधानसभा चुनाव में जनता समाजवादी पार्टी पर विश्वास जताकर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने युवाओं के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में कई प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक हुए हैं। इससे युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है। उन्होंने कहा कि जब युवा पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और अपने अधिकारों की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे तो उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय उन पर लाठियां बरसाई गईं और उन्हें जेल भेजा गया।
कानून-व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने प्रदेश सरकार पर सवाल उठाए। कहा कि प्रदेश में अपराध और अराजकता का माहौल बना हुआ है। महिलाओं के साथ हो रहे अत्याचारों के मामले में सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। अपराधियों में कानून का भय नहीं रह गया है और आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। कहा कि कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर जनता की समस्याओं को उठाएं और पार्टी की नीतियों को लोगों तक पहुंचाएं।
इस मौके पर सांसद जितेंद्र दोहरे, दिबियापुर विधायक प्रदीप यादव, बिधूना विधायक रेखा वर्मा, पूर्व मंत्री विनोद यादव कक्का, सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम, पूर्व विधायक मदन सिंह गौतम, पूर्व विधायक रामजी शुक्ला, पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुमन दिवाकर, लालजी शुक्ला, महेंद्र त्रिपाठी, विधानसभा अध्यक्ष राजकुमार गौतम समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *