यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश
सह संपादक कपिल गुप्ता
शिवगढ़: 18 सितंबर 2026 को कम्पोजिट विद्यालय शिवगढ़ में एक विशेष ‘तिथि भोज उत्सव’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के आयोजक विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री राजेंद्र बाजपेयी थे, जिन्होंने पौत्र रत्न की प्राप्ति के शुभ और आनंदमय अवसर पर अपनी यह खुशी स्कूली बच्चों के साथ साझा की।
इस कार्यक्रम में शिवगढ़ राज परिवार की कुंवर रानी श्रद्धा सिंह जी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उनके साथ ही कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के तौर पर शिवगढ़ की खण्ड शिक्षा अधिकारी सुश्री ऋचा सिंह एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती शेफाली रस्तोगी जी भी उपस्थित रहीं।
इस आयोजन का सबसे खूबसूरत और प्रेरक क्षण तब देखने को मिला जब मुख्य अतिथि कुंवर रानी श्रद्धा सिंह, विशिष्ट अतिथि खण्ड शिक्षा अधिकारी और कार्यक्रम में उपस्थित खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने सादगी के साथ बच्चों के बीच बैठकर उनके साथ भोजन किया। इस विशेष ‘तिथि भोज’ में बच्चों को अत्यंत स्वादिष्ट पौष्टिक भोजन के साथ मौसमी फल का वितरण किया गया। अतिथियों के इस आत्मीय व्यवहार और छप्पन भोग जैसे इस भोजन से बच्चों के चेहरों पर खुशी दोगुनी हो गई और पूरा विद्यालय परिसर उल्लास से भर गया।
इस अवसर पर शिक्षा और बच्चों के प्रति समर्पण भाव को दर्शाते हुए आयोजक श्री राजेंद्र बाजपेयी ने एक सुंदर संदेश भी दिया। उन्होंने कहा, “बच्चों के चेहरों पर मुस्कान और शिक्षा का प्रसार ही हमारी सबसे बड़ी ख़ुशी है”। अपनी व्यक्तिगत खुशी के मौके पर स्कूली बच्चों के लिए ‘तिथि भोज’ का आयोजन कर और अतिथियों के इस सहभोज से समाज में एक बेहद सकारात्मक, समरसतापूर्ण और प्रेरक मिसाल कायम हुई है।