यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश
– बंधा रोड स्थित नए RR वर्कशॉप में निर्माण एवं पेट्रोल पंप स्थापना की प्रगति जानी, कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
लखनऊ: नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने मंगलवार को बंधा रोड स्थित नवनिर्मित किए जा रहे RR वर्कशॉप का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने वर्कशॉप परिसर में पेट्रोल पंप की स्थापना, भवन निर्माण सहित अन्य आवश्यक कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली।
*समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण कराने पर जोर*
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वर्कशॉप से जुड़े सभी कार्यों को तेज गति से एवं निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराया जाए। उन्होंने निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी न होने देने तथा नियमित रूप से कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए।
*कैसरबाग-चकबस्त स्थित निर्माणाधीन जोन-1 कार्यालय का निरीक्षण*
इसके पश्चात नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने कैसरबाग-चकबस्त स्थित निर्माणाधीन जोन-1 के जोनल कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने भवन निर्माण की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिशासी अभियंता, जोन-1 को शेष कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।
*दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए व्यवस्थाएं बेहतर करने के निर्देश*
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने जोनल कार्यालय में दिव्यांगजनों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए ग्रिल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यालय परिसर में आने वाले सभी नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
*अतिक्रमण हटाए गए स्थल पर स्ट्रीट पार्किंग विकसित करने के निर्देश*
नगर आयुक्त ने हाल ही में रजिस्ट्री ऑफिस के पास हटाए गए अतिक्रमण वाले स्थल का भी संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित अधिशासी अभियंता को उक्त स्थान पर स्ट्रीट पार्किंग विकसित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र में वाहनों के व्यवस्थित पार्किंग की सुविधा उपलब्ध हो सके।