यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में आज ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ के अंतर्गत जन भवन, लखनऊ के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सुरक्षाकर्मियों द्वारा लखनऊ के चिनहट स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में पौधारोपण एवं स्वच्छता अभियान संचालित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की बालिकाओं द्वारा मनोहारी नृत्य एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किए गए तथा कार्यक्रम का मंच संचालन भी विद्यालय की एक बालिका द्वारा किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जन भवन के जूनियर इंजीनियर श्री प्रवीण शुक्ल ने बालिका शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एक बालक के शिक्षित होने से एक व्यक्ति शिक्षित होता है, जबकि एक बालिका के शिक्षित होने से पूरा परिवार शिक्षित होता है। उन्होंने कहा कि बालिकाओं को शिक्षा के साथ आवश्यक संसाधन एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर, निडर एवं साहसी बनाना समाज की प्रगति के लिए आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि राज्यपाल जी बालिकाओं के सर्वांगीण विकास एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रेरित करती हैं। उनकी प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में बालिकाओं की शिक्षा, आत्मविश्वास एवं सशक्तिकरण के माध्यम से सामाजिक विषमताओं को दूर करने तथा उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए तैयार करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बालिकाओं से पूरी निष्ठा एवं मनोयोग से शिक्षा प्राप्त कर समाज एवं राष्ट्र की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अनुभाग अधिकारी श्री भगवती प्रसाद एवं आर.आई. श्री कुलदीप सिंह ने भी संबोधित किया। उन्होंने बालिकाओं को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए अपने घर, विद्यालय एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने तथा अधिकाधिक पौधारोपण के लिए प्रेरित किया।