शिलान्यास से लोकार्पण तक—योगी सरकार का प्रॉमिस एवं डिलीवर‘ मॉडल बना उत्तर प्रदेश के विकास की पहचान” — डॉ. राजेश्वर सिंह

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ

“₹66.40 करोड़ का राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण भवन सरोजनीनगर के मुकुट में एक और रत्न, सुरक्षित और सक्षम उत्तर प्रदेश के संकल्प को मिलेगी नई शक्ति” — डॉ. राजेश्वर सिंह

लखनऊ सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने गोमतीनगर विस्तार में ₹66.40 करोड़ की लागत से निर्मित उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के नवीन भवन के लोकार्पण को उत्तर प्रदेश की आपदा प्रबंधन व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, आधुनिक एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए समस्त सरोजनीनगर परिवार को बधाई दी है।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि 1 जून 2023 को परम श्रद्धेय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के कर-कमलों से उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण भवन का भूमि पूजन एवं शिलान्यास संपन्न हुआ था और अब रिकॉर्ड समय में निर्माण कार्य पूर्ण होने के उपरांत 19 जुलाई 2026 को मुख्यमंत्री जी के कर-कमलों से ही इस भव्य भवन का लोकार्पण होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक जनप्रतिनिधि के नाते वे भी इस महत्वपूर्ण अवसर पर उपस्थित रहेंगे।

लोकार्पण समारोह में प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना, राजस्व राज्य मंत्री श्री सुरेन्द्र दिलेर, प्रमुख सचिव राजस्व श्रीमती अर्पणा यू., प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री एस.पी. गोयल तथा उपाध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल योगेन्द्र डिमरी सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहेंगे।

सरोजनीनगर विधायक ने कहा, “माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के दूरदर्शी और कुशल नेतृत्व में उत्तर प्रदेश का ‘Promise vs Delivery’ मॉडल प्रदेश के विकास को नई गति प्रदान कर रहा है। जिन परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाता है, उनका समयबद्ध निर्माण सुनिश्चित कर लोकार्पण भी किया जा रहा है। 1 जून 2023 को शिलान्यास से 19 जुलाई 2026 को लोकार्पण तक राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण भवन की यह विकास यात्रा ‘संकल्प से सिद्धि’ का सशक्त उदाहरण है।”

डॉ. सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश राज्य विधि विज्ञान संस्थान, विदेशी भाषा विश्वविद्यालय और अशोक लेलैंड फैक्ट्री के बाद अब राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण का भव्य भवन सरोजनीनगर के मुकुट में एक और रत्न के रूप में जुड़ रहा है। इसके साथ ही NCDC जैतीखेड़ा, ITI नीवा और लतीफनगर गर्ल्स डिग्री कॉलेज सहित अनेक महत्वपूर्ण विकास परियोजनाएं सरोजनीनगर को शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, कौशल विकास और आधुनिक संस्थागत ढांचे के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने, त्वरित राहत एवं बचाव सुनिश्चित करने तथा आपदा प्रबंधन की संस्थागत क्षमताओं को निरंतर सुदृढ़ कर रही है। नवीन राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण भवन इस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाते हुए ‘सुरक्षित और सक्षम उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को नई मजबूती प्रदान करेगा।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि सरोजनीनगर में एक के बाद एक बड़ी परियोजनाओं का धरातल पर उतरना क्षेत्र की विकास यात्रा में नए अध्याय जोड़ रहा है। उन्होंने समस्त सरोजनीनगर परिवार को इस उपलब्धि की बधाई देते हुए कहा, “हमने सरोजनीनगर परिवार से किए एक और वादे को धरातल पर उतारकर पूरा किया है। शिलान्यास से लोकार्पण और वादे से परिणाम तक—यही हमारा ‘Promise vs Delivery’ मॉडल है और यही विकसित सरोजनीनगर के निर्माण का संकल्प है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *