बीमारी में हौसला, शोक में संवेदना, शिक्षा का संकल्प – हर परिवार के बीच पहुँचे डॉ. राजेश्वर सिंह

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

मुख्य संपादक प्रवीण सैनी

कार्यकर्ताओं का हाथ, बेटियों के सपनों का साथ: सेवा और संवेदना का संदेश लेकर निकले डॉ. राजेश्वर सिंह

कैंसर पीड़ित कार्यकर्ता से लेकर नन्ही छात्रा तक – हर जरूरतमंद के साथ मजबूती से खड़े दिखे डॉ. राजेश्वर सिंह

सरोजनीनगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर एक बार फिर यह संदेश दिया कि जनप्रतिनिधित्व केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं, बल्कि संकट की हर घड़ी में जनता और कार्यकर्ताओं के साथ खड़े रहने का दायित्व भी है। दिनभर चले जनसंपर्क अभियान के दौरान उन्होंने गंभीर रूप से अस्वस्थ कार्यकर्ताओं का कुशलक्षेम जाना, शोकाकुल परिवारों को सांत्वना दी, जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा का दायित्व लिया तथा आर्थिक सहायता एवं बेहतर उपचार का भरोसा दिलाया।

सरसवां, अर्जुनगंज में कैंसर से जूझ रहे पूर्व मंडल अध्यक्ष श्री राजकुमार रोहित से भेंट कर डॉ. सिंह ने उनके बेहतर उपचार में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने राजकुमार जी के दोनों बच्चों की एक वर्ष की शिक्षा-शुल्क वहन करने की घोषणा की तथा उनकी पुत्री के डॉक्टर बनने के सपने को पूरा करने में भी सहयोग का विश्वास दिलाया।

अर्जुनगंज क्षेत्र में नागरिकों से संवाद के दौरान आर्थिक तंगी के कारण पढ़ाई छोड़ चुकी कुमारी रिद्धिमा गौतम की जानकारी मिलने पर उन्होंने दो दिनों के भीतर पुनः विद्यालय में प्रवेश एवं शिक्षा-शुल्क की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया।

जनसेवा के इसी अभियान के तहत डॉ. राजेश्वर सिंह ने अस्वस्थ भाजपा मंडल उपाध्यक्ष श्रीमती अपर्णा भारती से भेंट कर बेहतर उपचार सुनिश्चित कराने का भरोसा दिया। वहीं संगठन के एक कर्मठ एवं जुझारू बूथ अध्यक्ष, जिनका आवास क्षतिग्रस्त हो गया था, को अपने व्यक्तिगत सहयोग से एक कमरे के निर्माण के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की।

लखनऊ महानगर अल्पसंख्यक मोर्चा के नगर महामंत्री श्री शेर अली जी के आवास पर उनकी माता स्व. श्रीमती अकबरी जी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के उपरांत डॉ. सिंह ने सुभाषनगर, तेलीबाग क्षेत्र के नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान हृदय रोग से पीड़ित एक जरूरतमंद नागरिक के उपचार के लिए विधायक निधि से ₹1.75 लाख की आर्थिक सहायता का आश्वासन दिया तथा एक बुजुर्ग महिला के बेहतर उपचार हेतु आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने दिवंगत वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय नीरज श्रीवास्तव की तेरहवीं एवं अमौसी निवासी स्वर्गीय सत्य कुमार अवस्थी के निधन पर उनके परिजनों से भेंट कर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा, “राजनीति केवल चुनाव जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि लोगों के जीवन के सबसे कठिन समय में उनका संबल बनने का दायित्व है। कार्यकर्ता हो या आम नागरिक, उनके सुख-दुःख में साथ खड़ा रहना ही मेरे जनप्रतिनिधित्व का मूल मंत्र है।”

बीमारी में उपचार का भरोसा, बच्चों की शिक्षा की जिम्मेदारी, जरूरतमंद परिवारों की आर्थिक सहायता और शोक की घड़ी में आत्मीय उपस्थिति – डॉ. राजेश्वर सिंह का यह जनसंपर्क अभियान सेवा, संवेदना और उत्तरदायी नेतृत्व का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *