यूपी लाइव न्यूज़ 24उत्तर प्रदेश
लखनऊ। नगर निगम लखनऊ ने शहर में लगातार बढ़ रहे अवैध अतिक्रमण, गंदगी और यातायात बाधाओं को गंभीरता से लेते हुए गुरुवार को विभिन्न जोनों में सघन अभियान चलाया। नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर संचालित इस अभियान के तहत अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और प्रतिबंधित पॉलीथीन के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई।
*जोन-2 में स्वच्छता अभियान के साथ गंदगी और अतिक्रमण पर कार्रवाई*
जोन-2 में जोनल अधिकारी श्री मनोज कुमार यादव, जोनल सेनेटरी अधिकारी श्री राम सकल यादव तथा सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री राजेश कुमार कुशवाहा एवं श्री देवेन्द्र कुमार वर्मा के नेतृत्व में पानी की टंकी राजेन्द्र नगर, सुभाष मार्ग यहियागंज, मोती झील कॉलोनी, जुबली कॉलेज के आसपास, नंदा खेड़ा, अलीतरंग, बड़ा इमामबाड़ा, खजुआ कुण्डरी, रकाबगंज, ऐशबाग अम्बेडकर स्मारक, अनुपम नगर रोड, गैस कम्पनी रोड तथा ऐशबाग रोड सहित विभिन्न क्षेत्रों में नालियों की सफाई, सड़क सफाई, कूड़ा उठान एवं एंटी लार्वा छिड़काव कराया गया।
इसी दौरान 296 टीम के साथ राजाजीपुरम स्थित गोल चौराहे पर विशेष प्रवर्तन अभियान चलाते हुए गंदगी फैलाने वाले के विरुद्ध एक चालान कर ₹2,000 तथा अतिक्रमण के विरुद्ध एक चालान कर ₹500 का शमन शुल्क वसूला गया।
*जोन-3 में हटाया गया अवैध अतिक्रमण, पॉलीथीन के विरुद्ध भी चला अभियान*
जोन-3 में जोनल अधिकारी श्री अजीत राय के निर्देशन में जानकीपुरम तृतीय स्थित भवानी चौराहे पर अवैध अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान एक अवैध गुमटी हटाई गई तथा एक लोहे का काउंटर, एक सिलाई मशीन का पावदान, एक कुर्सी सहित अन्य सामान जब्त किया गया। नगर निगम ने भविष्य में दोबारा अवैध कब्जा और अतिक्रमण न होने के उद्देश्य से संबंधित क्षेत्रीय पुलिस विभाग को आवश्यक कार्रवाई हेतु पत्र भी प्रेषित किया है।