यूपी लाइव न्यूज़ 24उत्तर प्रदेश
लखनऊ। नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर नगर निगम के पशु कल्याण विभाग ने सोमवार को शहर में आवारा एवं निराश्रित पशुओं को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया। यह अभियान पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा के नेतृत्व में चलाया गया।
*इन क्षेत्रों में हुई कार्रवाई*
अभियान के दौरान बुद्धेश्वर चौराहा, अंसल गोल्फ सिटी, इंदिरा नगर, तकरोही, सर्वोदय नगर, आदिल नगर, कल्याणपुर, नाका हिंडोला, सरोजिनी नगर और विकास नगर सहित कई क्षेत्रों में कार्रवाई की गई। इन इलाकों से आवारा पशुओं की शिकायतें लगातार मिल रही थीं, जिससे लोगों की सुरक्षा और यातायात प्रभावित हो रहा था।
*48 पशुओं को कान्हा गौशाला भेजा गया*
कार्रवाई के दौरान कुल 48 आवारा पशुओं को पकड़कर कान्हा गौशाला भेजा गया। इनमें 16 गाय, 8 बछिया, 4 बछड़े और 20 सांड शामिल हैं।
*पशुपालकों को सख्त चेतावनी*
पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा ने पशुपालकों को चेतावनी दी है कि वे अपने पशुओं को सड़कों पर खुला न छोड़ें। यदि किसी का पशु सड़क पर घूमता हुआ पाया गया, तो उसे पकड़कर गौशाला भेजा जाएगा और संबंधित पशुपालक से नगर निगम के नियमों के अनुसार जुर्माना वसूला जाएगा। जुर्माना जमा करने के बाद ही पशु को छोड़ा जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।