यूपी लाइव न्यूज़ 24उत्तर प्रदेश
– नगर आयुक्त के निर्देश पर शहरभर में चला प्रवर्तन अभियान
लखनऊ। नगर निगम लखनऊ ने शहर में लगातार बढ़ते अतिक्रमण, यातायात अवरोध और स्वच्छता संबंधी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए सोमवार को विशेष प्रवर्तन एवं स्वच्छता अभियान चलाया। नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर विभिन्न जोनों में अतिक्रमण हटाने, सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा गंदगी फैलाने और सिंगल यूज प्रतिबंधित प्लास्टिक का प्रयोग करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई।
*जोन-2 में व्यापक सफाई अभियान, गंदगी और प्रतिबंधित प्लास्टिक पर ₹20 हजार का जुर्माना*
जोन-2 में जोनल अधिकारी श्री मनोज कुमार यादव के नेतृत्व में जोनल सेनेटरी अधिकारी श्री रामसकल यादव, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री राजेश कुमार कुशवाहा तथा श्री देवेन्द्र कुमार वर्मा की टीम ने सी-ब्लॉक राजाजीपुरम, बड़ा इमामबाड़ा, रामनगर कॉलोनी, कन्वेंशन सेंटर के आसपास, नंदाखेड़ा, कर्बला मार्ग, बी-ब्लॉक राजाजीपुरम, तालकटोरा मार्ग एवं पाण्डेय का तालाब कॉलोनी सहित विभिन्न क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया। अभियान के दौरान नालियों की सफाई, सड़कों की सफाई, कूड़ा उठान एवं एंटी-लार्वा छिड़काव का कार्य कराया गया।
इसी क्रम में प्रवर्तन दल-296 के साथ तुलसीदास मार्ग पर गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध 2 चालान कर ₹10,000 का जुर्माना तथा प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर 2 चालान कर ₹10,000 का शमन शुल्क वसूला गया। इस प्रकार कुल ₹20,000 की धनराशि नगर निगम कोष में जमा कराई गई।
*जोन-4 में अतिक्रमण हटाकर सुचारु कराया यातायात, ₹24,500 का जुर्माना वसूला*
जोन-4 में जोनल अधिकारी श्रीमती शिल्पा कुमारी के नेतृत्व में मिठाई वाला चौराहा से पीएनबी बैंक, मनोज पाण्डेय चौराहा से सेंट जोसेफ अस्पताल तथा मनोज पाण्डेय चौराहा से देवा प्लाजा तक विशेष अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नगर निगम के प्रवर्तन दल-296 एवं कर अधीक्षक श्री राज कमल नारायण की निगरानी में सड़क किनारे किए गए अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए, जिससे बाधित यातायात को सुचारु रूप से संचालित कराया जा सका। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकर्ताओं से ₹24,500 का जुर्माना वसूल कर नगर निगम कोष में जमा कराया गया।