यूपी लाइव न्यूज़ 24उत्तर प्रदेश
– जोन-1 में 39 पशु पकड़े गए, शहर के अन्य क्षेत्रों से 24 निराश्रित पशु पकड़े; कुल 63 पशुओं पर कार्रवाई
– विशेष अभियान के तहत अब तक 146 निराश्रित पशुओं को गौशाला भेजा गया
लखनऊ। नगर निगम लखनऊ ने बुधवार को अवैध रूप से संचालित दूध डेयरियों और सड़कों पर घूम रहे निराश्रित पशुओं के खिलाफ वृहद स्तर पर अभियान चलाया। जोन-1 में जोनल अधिकारी की उपस्थिति में नरही, मार्टिनपुरवा, जियामऊ तथा योजना भवन के आसपास कार्रवाई करते हुए लगभग 13 अवैध डेयरियों को हटाया गया। वहीं, अभियान के दौरान जोन-1 से कुल 39 पशुओं को पकड़कर राधा उपवन गौशाला भेजा गया।
*प्रवर्तन दल और कैटिल कैचिंग दस्ते ने की संयुक्त कार्रवाई*
पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा के निर्देशों के अनुपालन में 05 अगस्त को जोन-1 के नरही एवं जियामऊ क्षेत्र में प्रवर्तन दल और कैटिल कैचिंग दस्ते के संयुक्त सहयोग से अवैध दूध डेयरियों एवं निराश्रित पशुओं के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान जोन-1 से 24 गाय, 5 बछिया, 7 बछड़े, 1 गाय का बच्चा और 2 बैल सहित कुल 39 पशुओं को पकड़ा गया। सभी पशुओं को राधा उपवन गौशाला में निरुद्ध कराया गया।
*कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने जताया संतोष*
नरही, मार्टिनपुरवा, जियामऊ और योजना भवन के आसपास अवैध डेयरियों के खिलाफ की गई कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों ने संतोष एवं खुशी व्यक्त की। नगर निगम द्वारा नरही क्षेत्र में संचालित अवैध डेयरियों के विरुद्ध पूर्व में भी कार्रवाई की जा चुकी है। इनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी और इससे संबंधित मामला पिछड़ा वर्ग आयोग में लंबित था।
*विशेष अभियान के तहत अब तक 146 निराश्रित पशु पकड़े गए*
नगर निगम द्वारा शहर में निराश्रित पशुओं की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अब तक कुल 146 निराश्रित पशुओं को पकड़कर गौशालाओं में निरुद्ध कराया जा चुका है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कैटिल कैचिंग दस्तों द्वारा लगातार अभियान चलाकर सड़कों एवं सार्वजनिक स्थानों पर घूम रहे निराश्रित पशुओं को पकड़ा जा रहा है।
*अन्य क्षेत्रों से अलग से पकड़े गए 24 निराश्रित पशु*
जोन-1 की कार्रवाई के अलावा नगर निगम द्वारा शहर के अन्य क्षेत्रों में भी निराश्रित पशुओं के खिलाफ अभियान चलाया गया। हुसैनाबाद, राजाजीपुरम, दुबग्गा तथा गोमतीनगर में एमिटी यूनिवर्सिटी के आसपास से कुल 24 निराश्रित पशुओं को पकड़ा गया।
इस प्रकार बुधवार को चलाए गए अभियान के तहत जोन-1 से 39 और शहर के अन्य क्षेत्रों से 24 पशुओं सहित कुल 63 पशुओं को पकड़ा गया। नगर निगम द्वारा अवैध डेयरियों एवं निराश्रित पशुओं के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।