जोन-एक दो तीन चार और पांच में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, 2.66 लाख रुपये से अधिक शमन शुल्क वसूला; सड़क-पटरी से हटाए गए अवैध कब्जे

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज़ 24उत्तर प्रदेश

– अतिक्रमण, गंदगी और प्रतिबंधित पॉलीथीन के खिलाफ नगर निगम का बड़ा अभियान

लखनऊ। शहर में अतिक्रमण और यातायात अवरोध की समस्या पर अंकुश लगाने के साथ ही गंदगी फैलाने और प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग करने वालों के खिलाफ नगर निगम लखनऊ ने बुधवार को वृहद स्तर पर अभियान चलाया। नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर जोन-1, 2, 3, 4 और 5 के विभिन्न क्षेत्रों में नगर निगम की टीमों ने कार्रवाई की। इस दौरान सड़क और पटरियों से अस्थायी अवैध अतिक्रमण हटाया गया, सामान जब्त किया गया तथा गंदगी और प्रतिबंधित पॉलीथीन के मामलों में चालान कर शमन शुल्क वसूला गया।

*जोन-1 में तीन प्रमुख मार्गों पर चला अतिक्रमण अभियान, दो ट्रक सामान जब्त*
जोन-1 में बुधवार को तीन अलग-अलग क्षेत्रों में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। नगर निगम की टीम ने पहले सिकन्दर बाग चौराहे से निशातगंज पुल तक कार्रवाई करते हुए सड़क और पटरी पर बनी अस्थायी झुग्गी-झोपड़ियों सहित अन्य अवैध अतिक्रमण हटाए। इसके बाद दैनिक जागरण चौराहे से ओएमसीए होते हुए सिकन्दर बाग चौराहे तक अभियान चलाकर अस्थायी अतिक्रमण हटाया गया और करीब एक ट्रक सामान जब्त किया गया। इसी क्रम में यूपी टेक चौराहे से वन विभाग, बसन्त विहार होते हुए चिड़ियाघर गेट नंबर-2 तक सड़क-पटरी से अस्थायी अतिक्रमण हटाते हुए एक ट्रक सामान जब्त किया गया। इस प्रकार जोन-1 में दिनभर चली कार्रवाई में कुल दो ट्रक सामान जब्त किया गया। अभियान जोनल अधिकारी श्री ओम प्रकाश सिंह एवं जेडएसओ श्री कुलदीपक के नेतृत्व में ईटीएफ प्रवर्तन विभाग (296) की टीम द्वारा चलाया गया।

*जोन-2 में सफाई व्यवस्था दुरुस्त, विभिन्न इलाकों में चला विशेष अभियान*
जोन-2 में जोनल अधिकारी श्री मनोज कुमार यादव के नेतृत्व में कन्वेंशन सेंटर के आसपास, कुण्डरी रकाबगंज, बड़ा इमामबाड़ा, गैस कम्पनी पड़ावघर, पाण्डेयगंज, तालकटोरा मार्ग, नवयुग कन्या विद्यालय राजेन्द्र नगर, हैदरगंज तिराहा, बुलाकी अड्डा, एवरेडी तिराहा, बालाजी मंदिर कॉटन मिल तिराहा और कर्बला मैदान सहित विभिन्न क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नालियों एवं सड़कों की सफाई, कूड़ा उठान, एंटी लार्वा छिड़काव, चूना एवं कीटनाशक का छिड़काव तथा जल निकासी का कार्य कराया गया।

जोन-2 की टीम ने 296 टीम के साथ चारबाग क्षेत्र में गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान दो चालान करते हुए कुल 4,000 रुपये शमन शुल्क वसूला गया। अभियान में जोनल सेनेटरी अधिकारी श्री रामसकल यादव, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री राजेश कुमार कुशवाहा और श्री देवेन्द्र कुमार वर्मा सहित नगर निगम की टीम मौजूद रही।

*जोन-3 में 28 चालान, 2.32 लाख रुपये से अधिक शमन शुल्क वसूला*
जोन-3 में केशव नगर मोड़ से केशव पुलिस चौकी तक गंदगी फैलाने और प्रतिबंधित पॉलीथीन का प्रयोग करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। कार्रवाई के साथ लोगों को स्वच्छता बनाए रखने और प्रतिबंधित पॉलीथीन का इस्तेमाल न करने के लिए जागरूक किया गया। गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ 18 चालान करते हुए 12,500 रुपये शमन शुल्क वसूला गया।

जोन-3 में प्रतिबंधित पॉलीथीन पाए जाने पर 10 चालान किए गए और 2,20,000 रुपये शमन शुल्क वसूला गया। इस प्रकार अभियान के दौरान कुल 28 चालानों के माध्यम से 2,32,500 रुपये की धनराशि वसूल कर नगर निगम कोष में जमा कराई गई। अभियान में सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री पुष्कर सिंह पटेल, श्रीमती अधूलिका, श्री प्रमोद कुमार गौतम, श्री सुमित मिश्रा, 296 टीम, परिवर्तन दल (ईटीएफ) और क्षेत्रीय सुपरवाइजर की संयुक्त टीम शामिल रही।

*जोन-4 में मधुरिमा होटल से लोहिया अस्पताल तक हटाया अतिक्रमण*
जोन-4 में जोनल अधिकारी श्रीमती शिल्पा कुमारी के नेतृत्व में विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। टीम ने मधुरिमा होटल से सीएनजी रोड और लोहिया अस्पताल के आसपास के क्षेत्रों में सड़क एवं पटरी पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया। कार्रवाई के दौरान अवरुद्ध यातायात को सुचारू कराया गया।

जोन-4 में अभियान के दौरान अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 18,100 रुपये जुर्माना वसूला गया, जिसे अतिक्रमण मद में नगर निगम कोष में जमा कराया गया। कार्रवाई में नगर निगम जोन-4 की टीम के साथ प्रवर्तन दल-296 और ईटीएफ फोर्स मौजूद रही।

*जोन-5 में चारबाग से आलमबाग तक सड़क-पटरी से हटाया अतिक्रमण*

जोन-5 में टी.एन. बाजपेई चौक, आलमबाग कोतवाली चौराहा तथा चारबाग से दुर्गापुरी मेट्रो स्टेशन के बीच सड़क की पटरी पर किए गए अस्थायी अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। सड़क-पटरी पर लगाए गए ठेले, ठेलिया, खुमचा, गुमटी और काउंटर आदि को हटाकर मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई के दौरान 10 ठेले, चार गुमटी और पांच काउंटर हटाए गए। इसके अलावा एक ठेला और एक काउंटर जब्त किया गया। अतिक्रमणकारियों को दोबारा सड़क-पटरी पर कब्जा नहीं करने की चेतावनी दी गई। अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई में 8,200 रुपये शमन शुल्क वसूला गया, जबकि गंदगी और प्रतिबंधित पॉलीथीन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 3,500 रुपये अतिरिक्त शमन शुल्क वसूला गया।

जोन-5 में अभियान जोनल अधिकारी श्री विनीत कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाया गया। कार्रवाई में कर अधीक्षक श्री सभाजीत सिंह, जोनल सेनेटरी अधिकारी श्री सचिन सक्सेना, राजस्व निरीक्षक श्री पियूष तिवारी, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री सुभाष चौधरी, प्रवर्तन दल (296) और पुलिस बल की टीम शामिल रही।

*पांच जोनों में कुल 2 लाख 66 हजार 300 रुपये की वसूली*
नगर निगम द्वारा बुधवार को जोन-1 से जोन-5 तक चलाए गए अलग-अलग अभियानों में उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार कुल 2,66,300 रुपये शमन शुल्क एवं जुर्माने के रूप में वसूले गए। इसमें जोन-2 से 4,000 रुपये, जोन-3 से 2,32,500 रुपये, जोन-4 से 18,100 रुपये और जोन-5 से 11,700 रुपये की वसूली शामिल है। जोन-1 में अतिक्रमण हटाते हुए दो ट्रक सामान जब्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *