निराश्रित पशुओं व अवैध डेयरियों के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई तेज, विरोध के बीच 35 पशु पकड़े

Spread the love

मुख्य संपादक यूपी लाइव न्यूज़ 24उत्तर प्रदेश

– जोन-2 में चला विशेष अभियान, नगर निगम की टीम को करना पड़ा विरोध का सामना
– पशुओं को कैटिल कैचिंग वाहनों से उतारने की हुई कोशिश, फिर भी जारी रही कार्रवाई

लखनऊ। नगर निगम लखनऊ द्वारा शहर में निराश्रित पशुओं एवं अवैध रूप से संचालित डेयरियों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी है। गुरुवार को पशु कल्याण विभाग की टीम ने जोन-2 में विशेष अभियान चलाकर कुल 35 पशुओं को पकड़ा। कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानों पर नगर निगम की टीम को विरोध का भी सामना करना पड़ा।

*23 गाय, 8 बछिया और 4 बछड़े पकड़े*
पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा के नेतृत्व में टीम ने प्रवर्तन दल एवं कैटिल कैचिंग दस्ते के सहयोग से जोन-2 में कार्रवाई की। अभियान के दौरान 23 गाय, 8 बछिया और 4 बछड़ों सहित कुल 35 पशुओं को पकड़ा गया। पकड़े गए पशुओं को नगर निगम के कैटिल कैचिंग वाहनों के माध्यम से गौशाला में निरुद्ध कराया गया।

*पशुओं को वाहनों से उतारने की हुई कोशिश, ईटीएफ ने की कोशिश नाकाम*
अभियान के दौरान नगर निगम की टीम को कुछ स्थानों पर विरोध का सामना करना पड़ा। पशुओं को पकड़कर वाहनों में चढ़ाए जाने के बाद कुछ लोगों ने पशुओं को नगर निगम के वाहनों से उतारने की कोशिश की। इसके बावजूद नगर निगम की टीम ने ईटीएफ की मदद से कार्रवाई जारी रखी और अभियान को पूरा किया।

*निराश्रित पशुओं और अवैध डेयरियों के खिलाफ आगे भी चलेगा अभियान*
डॉ. अभिनव वर्मा ने बताया कि नगर निगम द्वारा शहर में निराश्रित पशुओं एवं अवैध डेयरियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत अलग-अलग जोन में कैटिल कैचिंग दस्ते एवं प्रवर्तन दल की संयुक्त टीमों द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *