अवैध कबाड़ फैक्ट्रियों पर कार्रवाई, दो प्रतिष्ठान सील और दो वाहन जब्त

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश

लखनऊ। नगर निगम जोन-03 क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित कबाड़ की दुकानों और फैक्ट्रियों के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई की है। गुरुवार को प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री व लखनऊ जनपद के प्रभारी मंत्री आदरणीय श्री सुरेश खन्ना जी व मा० महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी के जोन-03 क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान अवैध कबाड़ फैक्ट्रियों के संचालन पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके बाद नगर निगम की टीम ने दो कबाड़ प्रतिष्ठानों को सील कर दिया। मौके से कबाड़ के परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे दो वाहन भी जब्त किए गए।

निरीक्षण के दौरान फैजुल्लागंज द्वितीय वार्ड के बंधा रोड स्थित यश नगर में कबाड़ फैक्ट्री और अयोध्यादास द्वितीय वार्ड में त्रिकोणेश्वर मंदिर के पास कबाड़ फैक्ट्री संचालित होती मिली। यहां प्लास्टिक और धातु का कबाड़ एकत्र किया जा रहा था। आसपास गंदगी के साथ मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण भी पाया गया।

अधिकारियों के निर्देश पर यश नगर में श्री राजा राम पुत्र श्री राम आसरे द्वारा संचालित कबाड़ की दुकान/फैक्ट्री को सील कर दिया गया। इसी क्षेत्र में मो. रफीक खान पुत्र मो. मुमताज द्वारा संचालित एक अन्य कबाड़ की दुकान को भी सील किया गया।

नगर निगम की टीम ने कार्रवाई के दौरान मौके से कबाड़ के परिवहन के लिए इस्तेमाल किए जा रहे दो वाहनों को भी जब्त किया। अधिकारियों के अनुसार, अवैध रूप से संचालित कबाड़ प्रतिष्ठानों के कारण आसपास गंदगी फैलने के साथ ही सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण की स्थिति बन रही थी।

नगर निगम के सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री पुष्कर सिंह पटेल की ओर से मड़ियांव थाने में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में कानूनी कार्रवाई के लिए तहरीर दी गई है। तहरीर में श्री राजा राम और मो. रफीक खान के खिलाफ FIR दर्ज कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *