यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश
अलीगढ़ भगवान शिव के अत्यंत प्रिय श्रावण महीने में रुद्राभिषेक का विशेष महत्व है।मान्यता है कि पार्थिवेश्वर भगवान शिव के साथ माता पार्वती एवं शिव परिवार का ध्यान और पूजन करना अत्यंत फलदायी माना जाता है और मिट्टी से बने पार्थिव शिवलिंग में संपूर्ण शिव परिवार की ऊर्जा समाहित होती है।इसी क्रम में वैदिक ज्योतिष संस्थान के बैनर तले महामंडलेश्वर स्वामी पूर्णानंदपुरी महाराज के सानिध्य में बुलंदशहर जनपद के अनूपशहर स्थित जे.पी.गंगा घाट पर पार्थिव शिव पूजन एवं रुद्राभिषेक का अनुष्ठान किया गया।यहां पर प्रातः कालीन बेला में स्वामी पूर्णानंदपुरी महाराज के सानिध्य में आचार्य गौरव शास्त्री, रवि शास्त्री, शिवम शास्त्री,विनीत शास्त्री एवं गौरव वेदपाठी आदि आचार्यों द्वारा माँ गंगा,गणेश,भूमि एवं शिव परिवार सहित अन्य देवताओं का आवाहन एवं पूजन किया गया।उसके बाद सभी श्रद्धालुओं द्वारा स्वनिर्मित पार्थिव शिव का दूध,दही,घी,शहद, बूरा एवं पंचामृत के साथ गुलाब जल,केवड़ा जल,भाँग,गन्ने के जूस एवं अन्य फलों के जूस आदि से अभिषेक करवाया गया और रोली,चावल, चंदन,इत्र,एवं पुष्पों से श्रंगार किया गया।महामंडलेश्वर स्वामी पूर्णानंदपुरी महाराज ने इस अवसर पर सभी श्रद्धालुओं को सम्बोधित करते हुए बताया कि कलयुग में पार्थिव शिवलिंगों की पूजा करने से करोड़ों यज्ञों के समान फल मिलता है और भगवान शिव का पवित्र गंगा नदी के तट पर किया गया पार्थिव पूजन भोग और मोक्ष दोनों देता है।शिव महापुराण के अनुसार पार्थिव शिव के पूजन से धन,धान्य,आरोग्य और पुत्र प्राप्ति होती है और मानसिक और शारीरिक परेशानियों से भी मुक्ति मिलती है।वहीं पार्थिव पूजन से अकाल मृत्यु का डर खत्म हो जाता है।उन्होंने कहा कि पार्थिव शिवलिंग बनाकर विधि-विधान से पूजा करने से जातक दस हजार कल्प यानी करोड़ों साल तक स्वर्ग में रहता है।वहीं प्रतिदिन पार्थिव पूजन करने से इस लोक और परलोक में भी अखण्ड शिव भक्ति मिलती है।खास बात ये है कि इस अवसर पर पार्थिव शिव पूजन के बाद देवाधिदेव महादेव का अर्चन किया गया और सभी श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर प्रसाद भी ग्रहण किया।यहां पार्थिव शिव पूजन में भाजपा नेता शिवनारायण शर्मा,तेजवीर सिंह जादौन,डौली सिंह,ब्लॉक प्रमुख राहुल सिंह,रजनीश वार्ष्णेय,नेहा गुप्ता,संजय नवरत्न,सुमित वर्मा, दीप्ती वर्मा,हरिमोहन शर्मा,रवेन्द्र चौधरी,धीरू सिंह,जसवंत सिंह, अर्चना अग्रवाल,लव उपाध्याय, नीशू उपाध्याय,कपिल शर्मा,निपुण उपाध्याय,माधव सिंह,ऋषभ सिंह, दीप गुप्ता,विनीत शर्मा बंटी और विकास शर्मा सहित सैंकड़ो लोगों ने भगवान शिव की आराधना की