पहली बार विधायक कार्यालय बना रोजगार का मंच, आठ सौ सत्रह युवाओं ने कराया पंजीकरण – डॉ. राजेश्वर सिंह के नेतृत्व में युवाओं को मिला टाटा मोटर्स अदाणी एयरटेल सैमसंग समेत देश की प्रमुख कंपनियों से जुड़ने का अवसर

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश

पहले निःशुल्क प्रशिक्षण, फिर बड़ी कंपनियों से सीधा साक्षात्कार— डॉ राजेश्वर सिंह ने दिया सरोजनी नगर को अनूठा रोजगार मॉडल।

लखनऊ। सरोजनी नगर विधानसभा क्षेत्र में बुधवार को विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के तत्वावधान में भारत रोजगार सेवा द्वारा “भारत रोजगार महोत्सव” का सफल आयोजन किया गया। किसी विधायक कार्यालय में अपनी तरह के इस प्रथम रोजगार महोत्सव में दिनभर हुई मूसलाधार वर्षा के बावजूद 817 युवाओं ने पंजीकरण कराया जिसमे 250 कैंडिडेट्स का आज साक्षात्कार हुआ। आयोजन में भाग लेने वाली वाली कंपनियों द्वारा अभ्यर्थियों की चयन प्रक्रिया सभी कैंडिडेट्स के चयन होने तक जारी रहेगी।

महोत्सव की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि इसमें भाग लेने वाले अधिकांश युवा डॉ राजेश्वर सिंह द्वारा संचालित रण बहादुर सिंह डिजिटल सेंटर्स से निःशुल्क डिजिटल एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके अभ्यर्थी थे। यह आयोजन इस बात का सशक्त प्रमाण है कि सरोजनी नगर में युवाओं के लिए “प्रशिक्षण से रोजगार” तक की एक संपूर्ण, व्यवस्थित और रिजल्ट ओरिएंटेड व्यवस्था कार्य कर रही है—जहाँ पहले युवाओं को कौशल प्रदान किया जाता है और फिर उनकी योग्यता के अनुरूप उन्हें सीधे प्रतिष्ठित नियोक्ता कंपनियों से जोड़ा जाता है।

विधायक कार्यालय, सरोजनी नगर में प्रातः 9 बजे से आयोजित इस रोजगार महोत्सव में टाटा मोटर्स, अडानी, एयरटेल और सैमसंग सहित अनेक प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। तीन साक्षात्कार केन्द्रों पर “एक अभ्यर्थी—एक साक्षात्कार” मॉडल के अंतर्गत अभ्यर्थियों की योग्यता, कौशल और अनुभव का आकलन कर उनके लिए सर्वाधिक उपयुक्त रोजगार अवसर चिन्हित किए गए।

महोत्सव में ट्रेनी, डेटा एंट्री ऑपरेटर, वायरमैन, स्मार्ट मीटर इंस्टॉलर, प्रमोटर, स्टीवर्ड तथा फील्ड सेल्स एग्जीक्यूटिव सहित विभिन्न पदों के लिए अवसर उपलब्ध कराए गए।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने घोषणा की कि यह आयोजन एक बार की पहल नहीं, बल्कि एक सतत रोजगार अभियान है। अब सरोजनी नगर में हर महीने रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा, ताकि क्षेत्र के युवाओं को नियमित रूप से रोजगार के अवसर, उद्योगों की वर्तमान आवश्यकताओं और विभिन्न नौकरियों के लिए जरूरी कौशल की जानकारी मिलती रहे।

उन्होंने कहा—

“आज मूसलाधार बारिश के बीच साक्षात्कार देने पहुँचे 817 युवा हमारे अपने रण बहादुर सिंह डिजिटल सेंटर्स से प्रशिक्षित बच्चे हैं। हमने उन्हें पहले कौशल दिया और आज उसी कौशल ने उन्हें देश की प्रतिष्ठित कंपनियों के सामने आत्मविश्वास के साथ खड़ा किया। यह रोजगार महोत्सव युवाओं को उपलब्ध नौकरियों, उनकी आवश्यक योग्यताओं और बदलती औद्योगिक जरूरतों से परिचित कराएगा।”

डॉ. सिंह ने आगे कहा—

“यह पहल युवाओं, जनप्रतिनिधियों और उद्योग जगत के बीच विश्वास, संवाद और सहयोग का नया वातावरण तैयार करेगी। राजनीति का उद्देश्य केवल आश्वासन देना नहीं, बल्कि युवाओं को अवसरों से जोड़कर उनके भविष्य को सशक्त बनाना होना चाहिए। यह रोजगार महोत्सव अब प्रत्येक माह आयोजित किया जाएगा—सरोजनी नगर का कोई भी युवा अवसर से वंचित नहीं रहेगा।”

जिन अभ्यर्थियों का चयन इस बार नहीं हो सका, उन्हें निराश होने की आवश्यकता नहीं है। रण बहादुर सिंह डिजिटल सेंटरों के माध्यम से उनकी कमियों का आकलन कर उन्हें पुनः निःशुल्क कौशल उन्नयन प्रशिक्षण दिया जाएगा तथा आगामी रोजगार मेले में फिर अवसर प्रदान किया जाएगा। इस प्रकार प्रशिक्षण—साक्षात्कार—कौशल उन्नयन—पुनः अवसर का एक निरंतर रोजगार चक्र स्थापित किया गया है।

अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए आयोजन स्थल पर क्यूआर पंजीकरण डेस्क, प्रतीक्षा क्षेत्र, जलपान, वाटरप्रूफ टेंट तथा मतदाता पहचान-पत्र सहायता डेस्क की व्यवस्था की गई। भारी वर्षा को देखते हुए अतिरिक्त आश्रय एवं बैठने की व्यवस्था भी तत्काल सुनिश्चित की गई।

आयोजन समिति ने स्पष्ट किया कि पूरी चयन प्रक्रिया पूर्णतः निःशुल्क रही। किसी भी अभ्यर्थी से नौकरी, पंजीकरण या चयन के नाम पर कोई शुल्क, सेवा-शुल्क, डिपॉजिट अथवा कमीशन नहीं लिया गया।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने आयोजन को सफल बनाने वाले सभी नियोक्ता संस्थानों, औद्योगिक प्रतिनिधियों, भारत रोजगार सेवा की टीम, रण बहादुर सिंह डिजिटल सेंटर्स के प्रशिक्षकों तथा समर्पित स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भारी वर्षा के बावजूद सभी ने युवाओं के भविष्य के लिए जिस सेवा-भाव और प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया, वह सराहनीय है।

चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति-पत्र प्रदान करने के लिए शीघ्र ही एक पृथक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *