यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश
प्रधान संपादक प्रवीण सैनी
-सरोजनी नगर की डिजिटल लाइब्रेरी की परिकल्पना को ग्राम पंचायतों तक पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी का आभार: डॉ. राजेश्वर सिंह
लखनऊ। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा ग्राम पंचायत स्तर तक डिजिटल लाइब्रेरी की सुविधा पहुंचाने की पहल का स्वागत करते हुए इसे ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि सरोजनीनगर में वर्ष 2022 में शुरू की गई डिजिटल शिक्षा और डिजिटल लाइब्रेरी की पहल अब व्यापक स्तर पर आकार ले रही है।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने बताया कि 25 जुलाई 2022 को सरोजनीनगर में ‘डिजिटल शिक्षा अभियान’ की शुरुआत की गई थी। इसके अंतर्गत 37 विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में 450 से अधिक कंप्यूटर उपलब्ध कराए गए, जिससे 30,000 से अधिक विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा संसाधनों का लाभ मिल रहा है। इसके साथ ही क्षेत्र में डिजिटल लाइब्रेरी, स्मार्ट क्लासरूम और विद्यार्थियों के लिए आधुनिक अध्ययन सुविधाओं को बढ़ावा देने की दिशा में निरंतर कार्य किया गया।
उन्होंने कहा कि आज यह देखकर प्रसन्नता हो रही है कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा डिजिटल लाइब्रेरी की सुविधा को ग्राम पंचायत स्तर तक विस्तार दिया जा रहा है। वर्तमान में 113 ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी के लिए किताबें और फर्नीचर पहुंच चुके हैं, जबकि आगामी चरण में आईटी उपकरण भी उपलब्ध कराए जाने की तैयारी है। डिजिटल लाइब्रेरी विकास योजना के तहत कुल 223 ग्राम पंचायतों को शामिल किया जाना प्रस्तावित है।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि डिजिटल लाइब्रेरी केवल पुस्तकों तक पहुंच का माध्यम नहीं है, बल्कि ग्रामीण विद्यार्थियों को ऑनलाइन शैक्षणिक सामग्री, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और डिजिटल संसाधनों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम भी बनेगी। इससे विद्यार्थियों को गांव में ही गुणवत्तापूर्ण अध्ययन का अनुकूल वातावरण मिलेगा और शिक्षा के लिए शहरों पर उनकी निर्भरता कम होगी।
उन्होंने कहा, “सरोजनीनगर में वर्ष 2022 में जिस डिजिटल शिक्षा की परिकल्पना को जनसहभागिता के साथ आगे बढ़ाया गया था, आज उसे उत्तर प्रदेश के गांव-गांव तक पहुंचते देखना अत्यंत संतोष का विषय है। इस vision को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी का हृदय से आभार। उनकी दूरदर्शी सोच और सरकार के प्रयासों से आधुनिक शिक्षा के संसाधन अब ग्रामीण विद्यार्थियों के और करीब पहुंच रहे हैं।”
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश शिक्षा, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में नए मानदंड स्थापित कर रहा है। ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी का विस्तार ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना के अनुरूप ग्रामीण युवाओं को समान अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।